बलौदा बाजार

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदा बाजार, 13 नवंबर। शुक्रवार शाम बिटकुली और खैरवाही के बीच तेज रफ्तार टिप्पर ने भैंसों को अपनी चपेट में लिया। इस घटना में 5 भैंसों की मौत हो गई, वहीं झुंड में शामिल 6 भैंसे लापता हंै। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अफसरों की समझाइश पर ग्रामीण माने।
सुहेला थाना अंतर्गत ग्राम बिटकुली और खैरवाही के बीच शुक्रवार शाम 5.30 बजे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने सडक़ से जा रहे भैंसों को अपनी चपेट में लिया। इस घटना में 5 भैंसों की मौत हो गई, वहीं 6 भैंसे लापता हैं।
ग्रामीण भैंसों की खोजबीन में जुटे थे। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी मिलते ही एसडीओपी तहसीलदार और पुलिस के जवान घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देने लग रहे, लेकिन ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश को नहीं मान रहे थे और घटनास्थल पर आंदोलन जारी रखे थे।
चक्काजाम की स्थिति से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, वहीं ग्रामीणों का आक्रोश देख वाहन चालक टिप्पर को घटनास्थल पर ही छोडक़र फरार हो गया। मृतक भैंसे मदन सुदन साहू, संतराम साहू,महेंद्र निर्मलकर और अन्य ग्रामीणों के बताए जा रहे हैं।