बलौदा बाजार

गिरौदपुरी-सोनाखान को टूरिज्म सर्किट के अनुरूप किया जाएगा विकसित- कलेक्टर
12-Jul-2022 3:34 PM
गिरौदपुरी-सोनाखान को टूरिज्म सर्किट के अनुरूप किया जाएगा विकसित- कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 जुलाई।
कलेक्टर रजत बंसल ने आज जिले मुख्य पर्यटन स्थल गिरौदपुरी एवं सोनाखान पहुँचकर विभिन्न निर्माण कार्यो का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न निर्माण कार्यो की धीमी प्रगति को देखकर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। इसके साथ ही गिरौदपुरी एवं सोनाखान में चल रहे विभिन्न विभागों से संबंधित निर्माण कार्यो की समुचित फाइल 4 दिनों बाद शुक्रवार को प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित विभाग लोक निर्माण, आरईएस, जल संसाधन,पीएचई,आदिवासी विकास एवं एसडीएम कसडोल को दिए है।

कलेक्टर रजत बंसल ने गिरौदपुरी एवं सोनाखान को टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए है। उन्होंने सर्वप्रथम पूज्य गुरुघासी दास के जन्मस्थली में पहुंचकर गुरू बाबा का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान उन्होनें जन्मस्थली के संबंध में समाज प्रमुखों से जानकारी हासिल की साथ ही पूरे स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य मंदिर,चरण कुण्ड, अमृत कुण्ड, जैतखाम, छाता पहाड़ एवं पंचकुण्ड में पहुंचकर स्थलों का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने हर स्थल के इतिहास एवं महत्व के बारे में उपस्थित पुजारियों एवं समाज प्रतिनिधियों से जानकारी हासिल किए। मेले के समय होने वाले गतिविधियों एवं श्रद्धालुओं के लिए होने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की।

कलेक्टर ने सभी स्थलों की प्रशंसा करते हुए और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता बतायी। इसके साथ ही उन्होनें शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति स्थल पहुंचकर रहे निर्माण कार्यो का जायजा लिया। उन्होनें शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में बनाये संग्राहलय का भी अवलोकन कर इस स्थल के संबंध में जानकारी हासिल की। साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह के वंशजों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना।

इस दौरान प्रगतिशील सतनामी समाज के उपस्थित पदाधिकारियों ने कलेक्टर को मड़वा स्थित अपने समाज के भवन में वृक्षारोपण एवं अवलोकन के लिए आंमत्रित किया। कलेक्टर ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए भवन का अवलोकन एवं उक्त स्थल में अशोक के वृक्ष का रोपण भी किया। इस दौरान डीएफओ के.आर बढ़ई, प्रगतिशील छग सतनामी समाज संघर्ष समिति प्रदेशाध्यक्ष मोहन बंजारे सहित अन्य पदाधिकारी गण एवं तहसीलदार विवेक पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार राधेश्याम वर्मा, जनपद पंचायत सीईओ हिमांशु वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी गण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट