बलौदा बाजार

इस माह पहली बार रात का तापमान 18 डिग्री पहुंचा
27-Oct-2021 5:39 PM
इस माह पहली बार रात का तापमान 18 डिग्री पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 अक्टूबर। बलौदाबाजार मानसून बीत चुका है। अब हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। दिन में धूप में तेजी दिखाई दे रही है, लेकिन शाम होने के बाद मौसम ठंडा हो जाता है।

सोमवार रात को पारा इस महीने में पहली बार 18 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। इसके पीछे वजह यह है कि मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है। वातावरण में नमी आ गई है। इस कारण शाम होते ही तापमान तेजी से नीचे आ रहा है। जिले में अधिकतम पारा 31 तो न्यूनतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

जिले के वनांचल क्षेत्र होने के कारण बिलाईगढ़ व कसडोल विकासखंड में ज्यादा ठंड महसूस की जा रही। दो साल से ठंड का एहसास नवंबर की शुरुआत में हो रहा था। बीते सालों में अक्टूबर में भी मानसून सक्रिय होने के कारण उमस बनी रहती थी इस कारण न्यूनतम तापमान भी 20 से 22 डिग्री के बीच रिकॉर्ड रहता था।

इस साल गर्मी की बात की जाए तो 1 मार्च से 15 जून तक तापमान 41 डिग्री से आगे नहीं बढ़ा। इस अवधि में केवल तीन बार पारा 41 डिग्री तक गया। वह भी सामान्य से 1 डिग्री कम ही रहा। रोहिणी में तो पारा अधिकांश समय 38 से 39 डिग्री के बीच रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब रात के तापमान में लगातार कमी का दौर बना रहेगा।

एक जून से अक्टूबर अब तक 1380 मिमी हुई बारिश

1 जून से बारिश का सीजन शुरू हो जाता है। जुलाई और अगस्त का महीना बारिश के लिए अहम होता है। इस बार 1 जून से 31 अगस्त तक 999.6 मिमी बारिश हुई। वहीं सितंबर के 30 दिनों में 165.0 मिमी तथा अक्टूबर के बीते 25 दिनों में जिलेभर में 216.6 मिमी बारिश हुई है।


अन्य पोस्ट