बलौदा बाजार

जोंक नदी में बहते मिली गौर की लाश
26-Sep-2021 6:05 PM
जोंक नदी में बहते मिली गौर की लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कसडोल/ पिथौरा, 26 सितंबर।
बलौदाबाजार वन मंडल के तहत अर्जुनी बांध के पास जोक नदी में एक मृत बायसन (गौर) मिला। पशु चिकित्सक के अनुसार बायसन की मौत दम घुटने से हुई है।बहरहाल वन अमला घटनास्थल पहुच कर कार्यवाही में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर देवपुर रेंज के राजादेवरी सर्किल के कोर्राडीह बीट के पास नदी में तैरते बायसन का शव मिला है। जिसे ग्रामीणों ने राह चलते अर्जुनी पुल के पास देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग अर्जुनी को दी। जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए वन कर्मचारियों द्वारा बायसन की लाश को नदी से निकाला गया।बायसन के शव मिलने से अब जांच का विषय यह है कि यह वन्य प्राणी गौर (बायसन) की मौत कैसे हुई। चुकी देवपुर व अर्जुनी वन परिक्षेत्र में भारी संख्या में बायसन है। इन क्षेत्रों में इनका लगातार शिकार भी किया जा रहा है। इसलिए इस घटना के पीछे शिकारियों का हाथ भी हो सकता है। 

बहरहाल पशुचिकित्सक घटना स्थल पर पहुच गए है । पोस्टमार्टम में पशु चिकित्सक ने बायसन की मौत का कारण दम घुटना बताया है।वही वर्तमान में नदी में इतनी ज्यादा बाढ़ भी नही आई कि यह विशालकाय वन्य प्राणी डूब जाए और उसका दम घुट कर मौत हो जाये। बहरहाल उक्त घटना की जांच उच्च स्तर पर करवायी जानी चाहिए जिससे मौत का वास्तविक कारण पता लग सके।
 


अन्य पोस्ट