बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ में जब से भूपेश सरकार आई है, किसानों के चेहरे पर खुशियां और खुशहाली छाई हैं। उक्त बातें बलौदाबाजार ब्लाक कांग्रेस ग्रामीण के नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक और प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कही।
उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने ढाई साल में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। कोरोना काल के विपरित समय में भी किसानों के खाते में राजीव न्याय योजना के तहत राशि भेजने में कमी नहीं की। गोबर खरीदने वाली देश ही नहीं बल्कि दुनिया की पहली सरकार है। जिन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था व महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोठानों में काम करने प्रेरित किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता भूपेश सरकार के सभी जनकल्याणकारी कार्यों को गांवों में लोगों को बताएं और लाभ दिलाएं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। महंगाई चरम स्थिति पर है। डीजल पेट्रोल सौ रुपये के ऊपर है। कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथ से लेकर सेक्टर और जोन स्तर पर गठन कर संगठन को मजबूत करें ताकि झूठ बोलने वाली भाजपा का पुरजोर विरोध कर सके।
पूर्व विधायक जनकराम वर्मा ने भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों को जनमानस तक पहुंचाने तथा भाजपा के भ्रमजाल से जनता को बचाने आह्वान किया।
बैठक को जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यदु, जिला पंचायत सदस्य परमेश्वर यदु, वरिष्ठ कांग्रेसी जुगल भट्टर, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामविलास साहू, प्रदेश महामंत्री सीमा वर्मा, राकेश वैष्णव ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र व कांग्रेस के गमछा पहनाकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन संदीप पांडे व आभार व्यक्त ब्लाक अध्यक्ष विक्रम गिरी ने किया।
बैठक में बलौदाबाजार के प्रभारीद्वय कमल ठाकुर, भानू वर्मा, रूपेश ठाकुर, गंभीर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष दीनदयाल साहू, उपाध्यक्ष सुखराम साहू, थानेश्वर कनोजे, रमेश मारकंडे आदि मौजूद थे।


