बालोद

पुलिस तलाशी में कार से 65 लाख बरामद
27-May-2026 1:35 PM
पुलिस तलाशी में कार से 65 लाख बरामद

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दल्लीराजहरा,  27 मई।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के एक व्यापारी की कार से मंगलवार को पुलिस ने करीब 65 लाख रुपए से अधिक की नगदी बरामद की है। रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। मामला पुरुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, केशकाल से बालोद की ओर आ रही एक कार को पुलिस ने ग्राम मरकाटोला के पास रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो अलग-अलग झोलों से 500-500 रुपए के नए नोटों की बड़ी खेप मिली। भारी मात्रा में नगदी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

पुलिस जांच में कार सवार युवक की पहचान बालोद निवासी व्यापारी अमित जैन के रूप में हुई है।
पुरुर थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने बताया कि वाहन से कुल करीब 65 लाख रुपए नगद बरामद किए गए हैं। रकम की गिनती में आयकर विभाग की टीम को लगभग तीन घंटे का समय लगा।
पुलिस के मुताबिक, व्यापारी नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पूरी रकम को जब्त कर लिया गया। मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

फिलहाल, पुलिस और आयकर विभाग इस बात की जांच में जुटे हैं कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। 


अन्य पोस्ट