अनुशासनहीनता पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। प्रदेश भाजपा ने पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पैकरा की पत्नी उद्धेश्वरी पैकरा सामरी से विधायक हैं। यही नहीं, दो और नेताओं को अनुशासनहीनता पर पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
सिद्धनाथ पैकरा जिला पंचायत के सदस्य हैं। वो दो बार विधायक रह चुके हैं, और रमन सरकार में संसदीय सचिव भी थे। उनकी पत्नी सामरी से भाजपा की विधायक हैं। सिद्धनाथ ने पार्टी की अनिच्छा के बाद भी जिला पंचायत का चुनाव लड़ा, और वो जीतने में कामयाब रहे।
चुनाव जीतने के बाद सिद्धनाथ पैकरा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में उतर गए। पार्टी ने वहां अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लडऩे पर उन्हें निष्कासित कर दिया है। बलरामपुर में पैकरा के विरोध के बाद भी भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष बने हैं।
यही नहीं, पार्टी ने डोंगरगांव नगर पंचायत उपाध्यक्ष का चुनाव लडऩे वाले रोहित गुप्ता को भी निष्कासित कर दिया है। उन्होंने भी अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इसी तरह सारंगढ़-बिलाईगढ़ के राजीव सिंह ठाकुर को पंचायत चुनाव में सारंगढ़ जनपद अध्यक्ष के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम करने पर उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।