ताजा खबर

ओडिशा के पूर्व मंत्री का बेटा सरायपाली पुलिस की हिरासत में
10-Jan-2025 4:49 PM
ओडिशा के पूर्व मंत्री का बेटा सरायपाली पुलिस की हिरासत में

साय को नवीन पटनायक की चिट्ठी, अविश्वास प्रस्ताव में मतदान से रोकने का षडय़ंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जनवरी।
महासमुंद जिले में ओडिशा के पूर्व मंत्री के बेटे सहित समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। करीब 35 लोगों को कल गुरुवार रात अलग-अलग थानों में पूछताछ के लिए बैठाया गया। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। ये सभी बीजू जनता दल बीजेडी के समर्थक हैं।

जानकारी अनुसार यह घटना शुक्रवार को किरमीरा ब्लॉक अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से ठीक पहले हुई। पूर्व मंत्री के बेटे ने दावा किया कि पुलिस ने जानबूझकर उनपर कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री के बेटे समर्थक सरपंच और पंचायत समिति के सदस्यों के साथ महासमुंद टूर पर थे।

पता चला है कि ओडिशा के पूर्व मंत्री नबा दास के बेटे विशाल दास सहित करीब 17-18 लोगों को सरायपाली पुलिस ने थाने में पूछताछ के लिए रखा है। मीडिया में उन्हें यह कहते हुए सुना गया है कि उनकी जान को खतरा है। थाने में उनके सरपंचों को अवैध रूप से डिटेन किया गया है। मुझे भी रात 2 बजे से बैठाया गया है। 

उन्होंने छत्तीसगढ़ और ओडिशा की भाजपा सरकार से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप न करने की अपील की है।

विशाल दास ने कहा है कि यह डेमोक्रेसी की हत्या है। लोग हमें वोट देते हैं। आप हमारी मदद करें, और ओडिशा वासियों की भी मदद करें।

एक जानकारी अनुसार गुरुवार रात 2 बजे ओडिशा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नबा दास के बेटे विशाल दास सहित उनके 30-35 समर्थक और सरपंचों को सरायपाली, सांकरा और भंवरपुर थाने में बैठाया गया है। जिनमें

महिलाएं भी शामिल है। उन्हें क्यों और किस लिए बैठाया गया है, पूछने पर पुलिस के आला अफसर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक किरमीरा ब्लॉक अध्यक्ष विष्णु प्रिया साहू बीजू जनता दल छोडक़र बीजेपी में शामिल हुई थी। इसके बाद चैयरमेन विष्णु प्रिया साहू के खिलाफ बीजू जनता दल ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। 
अविश्वास प्रस्ताव के लिएआज शुक्रवार सुबह से मतदान होना प्रस्तावित था, लेकिन महासमुंद पुलिस ने पूर्व मंत्री के बेटे सहित उनके समर्थक मतदाताओं को बीती रात से थाने में बैठाए रखा है। इस पूरे मामले में पुलिस अफसरों से संपर्क किया तो किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं किया।

सरायपाली पुलिस ने भी हिरासत के पीछे के कारणों या विशाल और अन्य के खिलाफ आरोपों को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इस संबंध में पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा है- आज सुबह 10.30 बजे जिन्हें ब्लॉक परिसर में अविश्वास प्रस्ताव में भाग लेना था, वे इसमें शामिल नहीं हो सके. क्योंकि उन्हें ओडिशा के एक पूर्व कैबिनेट मंत्री के बेटे विशाल दास के साथ कल आधी रात से हिरासत में रखा गया है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप इस

पर गौर करें और उन्हें तुरंत रिहा करवाएं और ओडिशा सीमा पर जाने के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। हिरासत में लिए गए लोगों में से कई महिला पीआरआई सदस्य हैं।
गौरतलब है कि किरमीरा ब्लॉक में 8 पंचायत है। इन पंचायतों में सरपंच चुनने के अलावा आम मतदाता एक समिति का भी चुनाव करते हैं। 8 पंचायतों के समिति मिलकर चैयरमैन का चुनाव करते हैं। चैयरमैन का अधिकार इन 8 पंचायतों पर होता है और जब अविश्वास प्रस्ताव लाया जाता है, तो उस चैयरमैन को पद से हटाने या वापस बुलाने के लिए 8 सरपंच, आठों समिति, स्थानीय विधायक और सांसद इसमें मतदान करते हैं।
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news