विचार / लेख
-पुष्य मित्र
पटना सिटी से पहले एक जगह है गायघाट। जब भी यहां से गुजरता तो सोचता कि जरूर यहां गायें गंगा नदी में पानी पीने आती होंगी या नावों से उतरती होंगी, इसलिए इसका नाम गायघाट पड़ा होगा। मगर 2016 में एक रोज मैं गायघाट के पास वाले गुरुद्वारा में पहुंचा तो इस नाम के पीछे एक अलग ही किस्सा सुनने को मिला।
गुरुद्वारे से जुड़े लोगों ने बताया, गुरु नानक देव जब अपनी पूर्वी भारत की यात्रा के दौरान पहली बार पटना पहुंचे तो यहां जेतामल नाम के एक बुजुर्ग व्यापारी के घर ठहरे थे। जेतामल काफी अशक्त हो गये थे, लेकिन उनकी इच्छा रोज गंगा स्नान की होती थी। शारीरिक कमजोरी के कारण वे ऐसा नहीं कर पाते थे। उन्होंने अपनी यह इच्छा गुरु नानक के सामने रखी। गुरु नानक ने कहा कि तुम्हारा गंगा स्नान यहीं हो जाएगा। इसके बाद एक गाय रोज गंगा से अपने मुंह में पानी भरकर लाती और जेता मल के सिर पर डाल देती थी। सिख परंपरा में गायघाट नाम पडऩे के पीछे यही कहानी सुनाई जाती है। आज भी यहां के गुरुद्वारे में जेता मल की एक तस्वीर लगी है, जिसमें वे गाय के मुंह से गिर रहे गंगाजल से स्नान करते दिखते हैं। यह तसवीर इस पोस्ट के साथ है।
लेकिन गुरु नानक का बिहार से रिश्ता सिर्फ पटना तक ही सीमित नहीं है। अपनी पूर्वी भारत की उदासी (धार्मिक यात्रा) के दौरान वे बिहार के कई इलाकों में गये थे। राजगीर, गया, बोधगया, सासाराम और मुंगेर में भी उनकी यात्रा से जुड़ी स्मृतियां मिलती हैं। राजगीर में नानक कुंड है। यहां की मान्यता है कि उस समय शहर में गर्म पानी के कई कुंड थे, लेकिन पीने के लिए ठंडे पानी की कमी थी। गुरु नानक की प्रेरणा से एक ऐसे जलस्रोत की खुदाई हुई, जहां से ठंडा पानी निकला। आज उस जगह एक गुरुद्वारा है।
गुरु नानक की पटना यात्रा का एक और महत्वपूर्ण प्रसंग जौहरी सालस राय से जुड़ा है। कहते हैं कि गुरु नानक के साथी भाई मरदाना एक बार भोजन और यात्रा के लिए जरूरी सामान लेने शहर गए थे। गुरु नानक ने उन्हें एक पत्थर दिया और कहा कि इसे बेचकर सामान खरीद लेना। कई जौहरियों ने उस पत्थर को मामूली समझकर लौटा दिया, लेकिन सालस राय ने उसकी असली कीमत पहचान ली। वे गुरु नानक से मिलने पहुंचे और उनके शिष्य बन गए। गुरु नानक की शिक्षाओं में खरा सौदा का काफी महत्व रहा है। बचपन की उनकी एक कहानी में भी इसका जिक्र है। उनके सेवक अधरका भी गुरु नानक से प्रभावित हुए। पटना में एक सिख संगत की शुरुआत का श्रेय इन्हीं लोगों को दिया जाता है।
नानक का बनाया यह रिश्ता करीब डेढ़ सौ साल बाद सिखों के नौवें गुरु तेगबहादुर के काम आया। वे जब बिहार आए तो सालस राय और अधरका के वंशज पटना में सिख परंपरा को आगे बढ़ा रहे थे। गुरु तेगबहादुर के पटना पहुंचने पर उनके परिवार को स्थानीय सिख संगत का संरक्षण मिला। उनकी पत्नी माता गुजरी गर्भवती थीं। गुरु तेगबहादुर अपनी पूर्वोत्तर भारत की यात्रा पर आगे बढ़े तो माता गुजरी को पटना में ही छोड़ गए। इसी वजह से पटना को 1666 में गुरु गोविंद सिंह के पैदाइश की जगह होने का सौभाग्य मिला। वे आगे चलकर सिखों के दसवें गुरु बने।
गुरु तेगबहादुर की बिहार यात्रा से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग कटिहार के काढ़ागोला का है। मैं बरारी प्रखंड के लक्ष्मीपुर स्थित इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में एक-दो बार जा चुका हूं। यहां के पत्रकार ज्ञानपाल सिंह मेरे अच्छे मित्र हैं। उनसे और वहां के लोगों से गुरु तेगबहादुर की यात्रा का एक प्रसंग सुनने को मिला। वे असम से पटना लौट रहे थे, तभी गंगा में बाढ़ आ गई और उन्हें यहां रुकना पड़ा। इस दौरान वे स्थानीय लोगों के बीच कड़ाह प्रसाद के बड़े-बड़े गोले बनाकर लोगों को देते थे। कहते हैं, इसी वजह से इस जगह का नाम काढ़ागोला पड़ा। इस छोटे से कस्बे में मौजूद गुरुद्वारा आज भी उस यात्रा की स्मृतियों को सहेजे हुए है। वहां सिखों के कई टोले और गांव हैं।
इन यात्राओं का असर केवल गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहा। बिहार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गुरु नानक और दूसरे सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रभावित होकर सिख धर्म अपनाया। उनकी संततियां आज भी यहां रहती हैं। इसलिए जब लोग बिहार के सिखों को पंजाबी के बदले मैथिली, भोजपुरी, मगही और दूसरी स्थानीय बिहारी भाषाएं बोलते देखते हैं, तो हैरत में पड़ जाते हैं। वे पंजाबी सिख नहीं, बिहारी सिख हैं। पीढिय़ों से बिहार में रहते हुए इन्होंने अपनी स्थानीय सांस्कृतिक पहचान भी बनाए रखी है।
इस मसले पर सनातनी सिख सभा के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह निषाद से मेरी पिछले साल लंबी बात हुई। वे बताते हैं, ‘बिहार में लगभग 350 गुरुद्वारे हैं। इनमें कई गुरुद्वारे सिख धर्म से संबंधित हैं और बड़ी संख्या में नानकशाही गुरुद्वारे हैं। बिहार में केशधारी सिखों की संख्या लगभग 35-49 हजार है। सहजधारी और उदासीन सिखों को जोड़ दिया जाए तो इनकी संख्या लाखों में होगी।’
बिहार को अक्सर गुरु गोविंद सिंह की जन्मभूमि और पटना साहिब के कारण सिख इतिहास में याद किया जाता है। लेकिन इस इतिहास की शुरुआत गुरु नानक देव की वजह से हुई, जिन्होंने बिहारियों को सिख धर्म से जोड़ा। आज उनकी जयंती पर उन्हें बिहारवासियों की तरफ से हम याद करते हैं।