विचार / लेख
-जगदीश्वर प्रसाद चतुर्वेदी
दीपावली मनाने के नाम पर हमने अपनी वस्तुओं की एक लंबी फेहरिस्त बनाई है उस फेहरिस्त में लक्ष्मीपूजन भी है। हम जिस तरह वस्तुओं को पाना चाहते हैं, वैसे है लक्ष्मी को भी पाना चाहते हैं। हमारे घरों में पहले से ही वस्तुओं के अम्बार लगे हैं उनमें हमने इस बार की दीपावली पर इजाफा किया है, हकीकत यह है कि वस्तुओं को जोड़ते, इक_ा करते हुए, वस्तुओं की भीड़ में ही हम नि:शेष हो गए हैं। हमने वस्तुओं को जोड़ते हुए लक्ष्मी-गणेश को भी एक वस्तु और सामान बना बैठे हैं।इससे सांसारिक जंजाल बढ़ा है।कायदे से हमारे अंदर ईश्वर प्रेम में इजाफा होना चाहिए लेकिन हुआ उल्टा हमारे अंदर वस्तु प्रेम हावी हो गया है।वस्तुओं के संसार ने ईश्वर को मन मंदिर से ठेलकर बाहर कर दिया है, कायदे से उपभोग पर नियंत्रण होना चाहिए लेकिन अनियंत्रित उपभोग और वस्तुओं के लोभ ने हमें वस्तुओं का गुलाम बना दिया है।
दीपावली का भी हमने रूढि़बद्ध रूप बना लिया है, उसकी रूढि़बद्धता शुरू होती है धूल झाडऩे, घर की सफाई करने से,पता नहीं कौन था जिसने यह तय किया है दीपावली आए तो घर साफ करो, घर की साफ-सफाई के साथ लक्ष्मीपूजन की तैयारियों की ओर मन लगा रहता है। घर में खाने-पीने के अच्छे पकवान बनते है, स्त्रियां हर त्यौहार की तरह दीपावली के दिन सजती हैं, रात को लक्ष्मीपूजन के बहाने पुरानी संचित स्वर्ण और रत्न संपदा की पूजा होती है। धनतेरस से लेकर दीपावली तक यह सिलसिला चलता है।
यह एक वास्तविकता है कि उत्सव, मेले-ठेले न हों तो बाजार में कोई रौनक ही न हो, बाजार को गतिशील बनाए रखने, उपभोग के स्तर को ऊँचा उठाने में उत्सवों की केन्द्रीय भूमिका है। भारत जैसे देश में जहां हर दूसरे दिन कोई न कोई पुण्यतिथि हो, व्रत, उपवास हो, किसी न किसी भगवान की जयन्ती या मेला हो वहां पर बाजार को चंगा रखने में इन सबकी बड़ी भूमिका है। वे बाजार की प्राणवायु हैं।
जिस तरह दुर्गा पूजा पर बंगाल में बड़े पैमाने खरीदारी होती है, उसी तरह दीपावली पर हिंदीभाषियों में बड़े पैमाने पर खरीदारी होती है। हम यह भी कह सकते हैं कि धर्म, संस्कार, उत्सव, मेले-ठेले आदि का सकारात्मक आयाम यह है कि वे बार बार बाजार को मंदी से निकालते हैं, चंगा करते हैं।आज स्थिति यह है विज्ञापन हमारे जीवन का, हरेक त्यौहार का अनिवार्य हिस्सा हैं। हम चाहें या न चाहें, विज्ञापन हैं और बड़े पैमाने पर आम लोगों की नई अभिरूचियों और नई वस्तुओं के प्रति अपील पैदा करने का काम कर रहे हैं। दीपावली की पूजा में खील-बताशे का प्रसाद प्रमुख है, 56 भोग तो बाद के दिन चढ़ता है।
दीपावली ने वस्तुओं में नया सौंदर्यबोध पैदा किया है, तमाम किस्म के नए कम्युनिकेशन के उपकरणों से लेकर घरेलू उपभोग के उपकरणों की बड़े पैमाने पर बिक्री होती है उसने नए किस्म के उत्सवधर्मी अपव्यय की प्रवृत्ति को जन्म दिया है। इसने दीपावली के लक्ष्य को दबा लिया है, उपकरण या वस्तु खरीदना उपलक्ष्य है, इस क्रम में दीपावली का लक्ष्य बहुत दूर छूट गया है।
दीपावली का लक्ष्य था लक्ष्मीपूजन, यह पूजन संयम-नियम और अनुशासन का प्रतीक है, लेकिन इसे पटाखे छोडने से लेकर वस्तुओं की खरीददारी तक के उपलक्ष्यों ने इस तरह घेर लिया है कि नियम-संयम छोडक़र समूचा समाज असंयमित और अनुशासनहीन होकर रासायनिक धुंए में पूरे देश को डुबोने की तैयारी में जुटा है, सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे चलाने के लिए मात्र दो घंटे की मोहलत दी है। बेहतर हो कि पटाखे न चलाएं लेकिन सारा देश पटाखे चलाने पर आमादा है, रासायनिक प्रदूषण में आकंठ डूबने की तैयारी कर रहा है, अविवेकवाद की यह पराकाष्ठा है।
यह सही है कि हमें दीपावली मनानी है लेकिन दीपावली के नाम पर सारा देश आत्महत्या पर उतारू हो जाए यह तो दीपावली का लक्ष्य कभी नहीं था। दीपावली हम मनाते थे, नई ऊर्जा ग्रहण करने के लिए, पुरानी इल्लतों से घर को मुक्त करने के लिए, गंदगी और अस्वच्छता से मुक्त होने के लिए, लेकिन अब एकदम उलटा हो रहा है, दीपावली माने भयानक प्रदूषण, शहरों में भयानक गंदगी, गली-मुहल्लों में गंदगी का अम्बार। गलियों-मुहल्लों को देखकर नहीं लगेगा कि हमने दीपावली पर शहर को साफ-सुथरा बनाया है, बल्कि यही महसूस होगा कि दीपावली के नाम पर हमने अपने ही ऊपर गंदगी की वर्षा कर दी है।
कायदे से हमें दीपावली के लक्ष्मीपूजन को महत्वपूर्ण बनाना चाहिए लेकिन हमने उपभोग को महत्वपूर्ण बना दिया। हम दीपावली का परंपरा और नियम के तौर पर पालन करते हुए उसमें निहित संयम और अनुशासन को भूल गए। इसका प्रधान कारण है ईश्वरोपासना के साथ हमारा अभ्यास टूट गया है। ईश्वर पूजन हम सदियों से कर रहे हैं, उसका एक अभ्यास हमने पैदा किया है, फलत: उसने ईश्वरोपासना को पुरानी चीज बना दिया, कैजुअल बना दिया।
असल में, ईश्वरपूजन, लक्ष्मीपूजन सैकड़ों सालों से कर रहे हैं तो उसमें कोई नवीनता नहीं बची है या फिर ईश्वरोपासना में नवीनता का आविष्कार करने में असफल रहे हैं, इसके कारण पूजा तो तदर्थ या कैजुअल हो गयी है ।उसके तदर्थभाव को हम उपभोग और वस्तुओं के नए संसार के जरिए ढ़ंक देना चाहते हैं। चूंकि हमने अपनी उपासना पद्धति को अपडेट नहीं किया, उसमें संयम-नियम का विकास नहीं किया इसलिए हमारी उपासना को भी कैजुअल चीजों ने आ घेरा।
हम अपने प्रिय अभ्यासों में घिर गए हैं। पटाखे खरीदना, सोना खरीदना असल में दीपावली के अभ्यास है, रूढिय़ां हैं, इनसे समूची दीपावली घिरी है। यह भी रूढि़ है कि दीपावली आ रही है तो घर साफ करो। घर की इल्लत बाहर करो। लेकिन सवाल यह है हम दीपावली पर ही घर की सफाई क्यों करना चाहते हैं, सफाई का काम तो साल के हर दिन चलने वाली प्रक्रिया है, उसे हमारे दैनंदिन अभ्यास का अंग होना चाहिए,उसी तरह बाजार से खास किस्म की खरीददारी भी एक तरह का अभ्यास है, रीतिवाद है।
असल में दीपावली के अभ्यासों और उनमें छिपे मूल्यों को उद्घाटित करने की जरूरत है। अभ्यास की गिरफ्त इतनी ताकतवर होती है कि हर चीज को तुच्छ बना देता है। दीपावली की रूढि़बद्धताओं के अभ्यास ने मन को तुच्छ बनाया, लक्ष्मीपूजन को तुच्छ बनाया, सभी महान वस्तुओं को तुच्छ बनाया और सभी वस्तुओं को बाजार की संकीर्णताओं से बाँध दिया। इसलिए अब जब भी दीपावली आती है एक तयशुदा अभ्यासक्रम में चीजें संपन्न होती हैं। इसमें अभ्यास की बड़ी भूमिका है।
एक अन्य चीज जिसे समझने की जरूरत है वह यह कि जब चीजें,संस्कार आदि अभ्यास के रूप में करते हैं तो उनका आंतरिक आनंद मर जाता है। कायदे से मनुष्य की मूढ़ता और अभ्यास के इस ताने-बाने को तोडक़र दीपावली में आनंद पाया जा सकता है। जिस व्यक्ति में दीपावली को अभ्यास से परे जाकर नए तरीके, नए रूप में मनाने की क्षमता है वही आनंद की सृष्टि कर सकता है। दीपावली में निहित सत्य का साक्षात्कार कर सकता है। दीपावली का सामाजिक सत्य है सामाजिक प्रदूषण। इससे मुक्त होने के लिए नई कल्पनाओं और नए अभ्यासों को सृजित करने की जरूरत है। नए अभ्यासों को जीवन में लागू किए बगैर दीपावली पर नए आनंद की सृष्टि संभव नहीं है।
दीपावली प्रकाश का पर्व है, नई रोशनी की खोज का पर्व है, आज समाज में,व्यक्ति के निजी जीवन में नई रोशनी तब दाखिल होगी जब वह सामाजिक प्रदूषण को एक चुनौती माने न कि प्रदूषण पैदा करे। दीपावली पर प्रदूषण पैदा करने का अर्थ है जीवन में अंधकार की सृष्टि करना। यदि व्यक्त जगत में प्रकाश चाहते हैं तो प्रदूषण रहित समाज बनाने में सक्रिय भूमिका अदा करें, उपभोग और वैभव के प्रदर्शन से बचें। अंधाधुंध उपभोग के कारण बड़े पैमाने पर सामाजिक असंतुलन और अंधेरा पैदा होता है दूसरी ओर समाज में गंदगी का ढेर पैदा होता है। इससे दीपावली के बुनियादी लक्ष्य को क्षति पहुंचती है।