विचार / लेख

जयंती पर आज पटेल को याद किया जाए
31-Oct-2026 10:38 PM
जयंती पर आज पटेल को याद किया जाए

- पुष्य मित्र

आज सरदार पटेल की जयंती है। मौजूदा माहौल में बहुत आसानी से सरदार पटेल को दक्षिणपंथी और हिंदुत्व का समर्थक बता दिया जाता है। मगर यह बात बहुत कम लोगों को मालूम है कि संविधान सभा में सरदार पटेल की अगुआई में बनी समिति ने देश में मुसलमान समेत तमाम अल्पसंख्यकों के लिए अलग से आरक्षण की सिफारिश की थी। इस सिफारिश को कुछ बड़े मुसलमान नेताओं ने ही यह कहते हुए ठुकरा दिया कि देश वैसे ही सांप्रदायिक आधार पर बंटा है, इससे और दिक्कत होगी।

दिलचस्प है कि जिस सरदार ने देश सभी रियासतों को भारतीय संघ में जोडऩे का महत्वपूर्ण कार्य किया था, वे बिल्कुल नहीं चाहते थे कि कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाया जाए। कश्मीर का भारत में विलय नेहरू चाहते थे। दिलचस्प है कि वे भी सिर्फ कश्मीर घाटी को ही चाहते थे, पूरे कश्मीर को नहीं। कश्मीर हमारा अभिन्न हिस्सा है, यह बात कश्मीर पर पाकिस्तान के कबायली हिस्से के बाद शुरू हुई।

आपने आखिरी दिनों में गांधी मानते थे कि देश को नेहरू और पटेल दोनों चाहिए। वे अपनी शहादत से ऐन पहले तक इसकी कोशिश करते रहे। उनकी हत्या के ठीक बाद माउंटबेटन ने नेहरू और पटेल दोनों को इस बात की याद दिलाई। फिर दोनों गले लगकर रोने लगे। गांधी की शहादत के बाद पटेल ने ही आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया, उनके नेताओं को जेल में डाला और उन्हें नियम कायदे बनाने पर विवश किया।

गांधी का यह सोचना कितना अच्छा था यह तब साबित हुआ जब इस जोड़ी ने अगले तीन साल तक बेहतरीन काम किया। अगर पटेल होते तो नेहरू को भाषा विवाद, चीन से युद्ध और ऐसे दूसरे जटिल मामलों में दिक्कत नहीं होती। क्योंकि इन मामलों को पटेल जैसा एक व्यावहारिक प्रशासक ही सुलझा सकता था। नेहरू आदर्शवादी स्वप्नदर्शी थे।

रोचक बात यह है कि नेहरू की बेटी इंदिरा में पटेल के कई गुण आए जिनकी आज पुण्यतिथि है। वे उनके जैसी कठोर यथार्थवादी नेता बनीं।

पटेल के कुछ तरीकों से हमारी असहमति हो सकती है। असहमति गांधी और नेहरू से भी हो सकती है। मगर उस वक्त इन तीनों से बेहतर कोई विकल्प हमारे पास नहीं था। इनकी बुनियाद पर ही आज हमारा देश एक मजबूत लोकतंत्र है। जिसे अच्छी भाषा में विविधता में एकता कहते हैं।


अन्य पोस्ट