विचार / लेख
-डॉ. संजय शुक्ला
बीते सप्ताह राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पचास साल पुरानी पांच मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। ‘हॉस्टल डेज’ नाम की इस इमारत में छात्रों का पीजी हॉस्टल संचालित हो रहा था। इस हादसे में 5 छात्रों सहित 7 लोगों की मौत हो गई तथा अनेक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक छात्रों में से एक छात्र छत्तीसगढ़ का भी था। शुरूआती जांच में पता चला है कि पांच दशक पुराने इस बिल्डिंग के बेसमेंट की खोदाई चल रही थी और कमजोर नींव पर दबाव बढऩे की वजह से इमारत ढह गई। दिल्ली में इमारत हादसे में छात्रों के मौत का यह पहला मामला नहीं है बल्कि इस महानगर के अनेक इलाकों के कोचिंग सेंटर और हॉस्टल्स में ऐसे हादसे पहले भी हुए हैं जिसमें छात्रों की मौतें हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 2010 से 2026 तक दिल्ली में ऐसे हादसों में 110 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें अनेक छात्र भी हैं। तीन महीने पहले ही दिल्ली के सैदुल्लाजाब इलाके में पांच मंजिला इमारत ढही और कैंटीन व लाइब्रेरी पर जा गिरी। इस हादसे में 6 मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। साल 2024 में ओल्ड राजेन्द्र नगर के नामचीन कोचिंग सेंटर राव आईएएस स्टडी सर्कल के बेसमेंट में पानी भरने के कारण एक छात्र एवं दो छात्राओं सहित तीन युवाओं के दर्दनाक मौत हो गई थी। साल 2020 में दिल्ली के भजनपुरा कोचिंग सेंटर में दो छतों के धसकने से चार छात्रों की मौत हुई थी।जून 2003 में मुखर्जी नगर के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 61 छात्र जख्मी हुए थे तो इसी साल 22 जुलाई को एक कोचिंग सेंटर में करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई थी।
बहरहाल इन हादसों की पड़ताल में भवन मालिकों, बिल्डरों और ठेकेदारों की लापरवाही और शहरी प्रशासन की उदासीनता सामने आई है। दिल्ली में जो भी इमारतें जमींदोज हुई वे या तो बिना अनुमति के बने थे अथवा उनमें अतिरिक्त मंजिल का निर्माण किया गया था अथवा जर्जर घोषित भवनों में भी मरम्मत या निर्माण कार्य का जारी रहना था। इन सभी लापरवाहियों के लिए बेशक एमसीडी की उदासीनता पर सवाल उठना लाजिमी है। सत्य निकेतन के हालिया हादसे के कारणों पर गौर करें तो यह सीधे तौर पर नगरीय प्रशासन की उदासीनता और बदहाल व्यवस्था का परिणाम है जिसने पांच घरों का चिराग बुझा दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली के छात्रों में जहां बेहद गुस्सा है वहीं स्थानीय निवासियों में भी दिल्ली महानगर पालिका ‘एमसीडी’ के खिलाफ काफी रोष है। दूसरी ओर हर हादसे में सियासत का अवसर ढूंढने वाले हमारे राजनीतिक दल भी सियासी तलवार भांजने में लगे हुए हैं। किसी भी गंभीर घटना के बाद अपनी चूक पर पर्दा डालने की औपचारिकता निर्वहन के परंपरा अनुसार इस हादसे के बाद भी दिल्ली प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। एक तरफ जहां इस पीजी के संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं दूसरी ओर एमसीडी के डिप्टी कमिश्नर, एक्सिक्यूटिव इंजिनियर और अन्य अधिकारियों को निलंबित कर घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस घटना पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी गंभीर टिप्पणी करते हुए दिल्ली सरकार, एमसीडी और दिल्ली विश्वविद्यालय पर सवाल उठाए हैं।
अलबत्ता अब देखना यह होगा कि शासन और प्रशासन की यह मुस्तैदी कब तक रहती है? क्योंकि आम भारतीय बहुत जल्द ऐसे हादसों को भूल जाते हैं फलस्वरूप प्रशासन भी पुराने ढर्रे पर लौट जाता है। दरअसल दिल्ली सिविल सर्विसेज परीक्षाओं के कोचिंग और उच्च शिक्षा के लिए पूरे देश में मशहूर है जहां लाखों छात्र विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में पहुंचते हैं। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में हॉस्टलों के कमी के चलते लाखों छात्र पीजी में रहते हैं। इन पीजी में रहने वाले जा की मानें तो हजारों रुपए फीस देने के बावजूद वहां बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा का अभाव है। बहरहाल दिल्ली समेत देश के अन्य शहरों के शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग संस्थानों और पीजी की बदहाली और सुरक्षा उपायों की अनदेखी हमेशा से अभिभावकों और छात्रों के बीच चिंता का विषय रहा है लेकिन सरकार और प्रशासन इस दिशा में उदासीन रहा है जिसके चलते ऐसे हादसे साल दर साल बढ़ते जा रहे हैं।
बहरहाल अकेले दिल्ली में ही ऐसी दुर्घटनाएं नहीं हो रही है बल्कि अन्य शहरों में भी ऐसे हादसों से स्टुडेंट्स की मौत हुई है। इसी साल 22 जून को लखनऊ के अलीगंज इलाके के पुरनिया में एक कोचिंग सेंटर में लगी आग से 15 किशोरों और युवाओं की मौत हो गई वहीं 18 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। मृतकों में ज्यादातर छात्र थे जो एनिमेशन और लाइब्रेरी साइंस की कोचिंग ले रहे थे। साल 2019 में गुजरात के सूरत में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 22 छात्रों की मौत हुई थी तो उत्तरप्रदेश के कानपुर और लखनऊ के भी कोचिंग संस्थानों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी है। इधर दिल्ली के हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी वहां के सरकार और प्रशासन ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों,कोचिंग सेंटरों, पीजी और हॉस्टलों के सेफ्टी ऑडिट कराने का फैसला लिया है। अलबत्ता इन कार्यवाहियों के मद्देनजर अहम सवाल यह भी कि आखिरकार प्रशासन कोई भी कार्रवाई के लिए हादसों का इंतजार क्यों करती है? सवाल यह भी कि प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार की बलि वेदी पर कितने छात्र और युवा चढ़ेंगे?
आखिरकार जिन युवाओं के आंखों में सुनहरे भविष्य का सपना था उन्हें मौत की नींद सुलाने के लिए जिम्मेदार कौन है? बिलाशक इसके लिए जिम्मेदार हमारी व्यवस्था है जिसमें सरकार, प्रशासन से लेकर समाज का एक हिस्सा भी शामिल है। अहम सवाल यह कि जिस व्यवस्था की जवाबदेही अनियोजित निर्माण को रोकने की है उसने अस्सी गज की जमीन पर पांच मंजिला इमारत कैसे खड़ा होने दी? जिस व्यवस्था की जवाबदेही जर्जर इमारतों की ऑडिट की है वह पचास साल पुराने बिल्डिंग के नींव को खोदे जाने पर आंख क्यों मूंदे रही? जिस व्यवस्था की जवाबदेही शहरों के जलभराव रोकने के लिए अनियमित निर्माण और अतिक्रमण पर रोक लगाने की है वह उदासीनता क्यों ओढ़े रही? जिस व्यवस्था की जवाबदेही इमारतों में फायर ऑडिट करने की है वह इस दिशा में निष्क्रिय क्यों बैठे रही? आलम यह है कि महानगरों से लेकर तीसरे दर्जे के शहरों तक अवैध कॉलोनियों और बहुमंजिला रिहायशी इमारतों की बाढ़ आ गई है जहां बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा उपायों का व्यापक अभाव है।दरअसल इसके मूल में राजनेताओं, नगरीय प्रशासन के अधिकारियों, बिल्डरों और ठेकेदारों का नापाक गठजोड़ है जो अपने राजनीतिक और आर्थिक रसूख के चलते पूरी व्यवस्था को अपने खींसे में रखे हुए हैं।
अलबत्ता दिल्ली में घटित इस हादसे के बाद देश भर में चल रहे पीजी और अन्य शिक्षण और कोचिंग संस्थानों में छात्रों के सुरक्षा और आपदा प्रबंधन फिर से बहस शुरू हो चुका है। गौरतलब है कि देश में स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के दयनीय स्थिति के चलते हर अभिभावक अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए महानगरों या बड़े शहरों का रुख कर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए कोचिंग को अनिवार्य साधन माने जाने लगा है फलस्वरूप देश में कोचिंग का धंधा खूब फल-फूल रहा है। देश में मेडिकल, जेईई से लेकर यूपीएससी, राज्य सिविल सर्विसेज, बैंकिंग, रेलवे, शिक्षक और कर्मचारी भर्ती परीक्षाओं के लिए महानगरों से लेकर शहरों तक कुकुरमुत्ते की तरह कोचिंग संस्थान खुल रहे हैं। एक जानकारी के मुताबिक देश में अकेले मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए कोचिंग उद्योग का बाजार 15,000 करोड़ रुपए का है जबकि सभी कोचिंग संस्थानों से कुल राजस्व प्राप्ति 58,088 करोड़ रुपए का है जो 2028 तक 1,33,995 करोड़ पहुंचने की उम्मीद है। विडंबना यह है कि कोचिंग लेने वाले अभ्यर्थियों से मोटी फीस लेने के बावजूद अधिकांश कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा उपायों की खुलकर अनदेखी की जा रही है।
विचारणीय है कि देश के छोटे शहरों में में उच्च शिक्षा के लिए अच्छे यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की कमी के चलते छात्र दिल्ली जैसे अन्य महानगरों में दाखिला ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों में 4.50 करोड़ छात्र पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन इन छात्रों के लिए हॉस्टल सीटों का कोई केंद्रीय डाटा उपलब्ध नहीं है। केंद्र सरकार की उच्च शिक्षण संस्थानों के संबंध में एक रिपोर्ट के मुताबिक 56 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में करीबन 10 लाख सीटों पर महज सवा लाख हॉस्टल सीट उपलब्ध हैं। यही हालात मेडिकल, इंजीनियरिंग और कानून के शिक्षण संस्थानों में भी है। आलम यह है कि अधिकांश संस्थानों के छात्र हॉस्टल सीटों की कमी के चलते कैंपस से बाहर रहने के लिए मजबूर हैं जिसके चलते देश में पीजी 'पेइंग गेस्ट' का धंधा खूब फल-फूल रहा है। रियल इस्टेट के कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक भारत में पीजी का बाजार 60,000 करोड़ रुपए का है। देश में दिल्ली-एनसीआर सहित कोटा, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद से लेकर राज्यों के राजधानियों और बड़े शहरों में पीजी एक बड़ा व्यवसाय बन चुका है। बिलाशक शहरों के आर्थिक विकास और रोजगार के दृष्टिगत पीजी एक अनिवार्यता भी है। लेकिन इन निजी हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों के सुविधा और सुरक्षा उपायों को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है। बहरहाल दिल्ली की हालिया घटना सरकार और समाज दोनों के लिए एक सबक है लिहाजा दोनों को अपने हिस्से की जवाबदेही ईमानदारी से निभानी होगी। हमारे होनहार छात्र सुरक्षित माहौल में अपना भविष्य गढ़ सकें इसलिए प्रशासन की जवाबदेही है कि वह नियमों का उल्लंघन करने वाले पीजी संचालकों और संस्थानों के खिलाफ सख्ती बरते ताकि कोई भी छात्र व्यवस्था की बलि न चढ़े।