विचार / लेख
पटना के बांकीपुर से पुष्य मित्र
कल शाम साढ़े पांच बजे के आसपास की बात होगी। काउंटिंग स्थल के सामने वाली डिवाइडर पर मैं बैठा था। तभी पास एक महिला आकर बैठ गई।
मध्यमवर्गीय महिला थी और पड़ोस के आनंदपुरी मोहल्ले से आई थी। खुद ही कहने लगीं। ‘बहुत अच्छा हुआ। इन लोगों का घमंड टूटना जरूरी था।’ मेरी रुचि जगी तो मैंने कुरेदने की कोशिश की। फिर तो वे लगातार दस मिनट तक बोलती रहीं। उन्हें रोकना मुश्किल था। उनके दो बच्चे थे। बेटा हृश्वश्वञ्ज की तैयारी कर रहा था और बेटी ञ्जक्रश्व-4 के लिए प्रयासरत थी। दोनों की परेशानियां, हताशा, गुस्सा। कहने लगीं, ‘मोदी जी की मां को बच्चे गाली देते हैं तो हमको भी अच्छा नहीं लगता। लेकिन मोदी जी को सोचना चाहिए कि बच्चे ऐसा क्यों करते हैं।’ आखिर में मैंने पूछ ही लिया कि पिछले साल चुनाव में किसको वोट दिया था? जवाब आया, ‘फूल छाप, नितिन नबीन। हमेशा से हमारा फैमिली इन्हीं लोगों को भोट देता था। लेकिन अब कभी नहीं।’
उसी तरह इस पोस्टर में जो सज्जन अबीर लेकर नाच रहे हैं। ये सुबह से शाम तक इसी तरह नाचते रहे। मैंने जनसुराज के एक कार्यकर्ता से पूछा, ‘क्या ये आप लोगों की टीम में हैं?’ उसने कहा, ‘हमको नहीं लगता कि हमारे टीम में हैं? यहां बहुत सारे लोग हैं, जो अपने-आप आ गये हैं। यहां जनसुराज के कार्यकर्ता बहुत ज्यादा नहीं हैं। ज्यादातर आम लोग हैं।’ उन सज्जन से बात करने का मौका नहीं मिला। मिलता तो कोई और कहानी सामने आती।
कल मतगणना स्थल के सामने जितने लोग दिन भर जश्न मनाते और जयकारा लगाते दिखे, उनमें से ज्यादातर शहरी मध्यम वर्गीय लोग थे। भले ही इस चुनाव में विपक्षी गठबंधन का वोट बड़ी संख्या में प्रशांत किशोर को मिला है, मगर जश्न मनाने वालों में वे नजर नहीं आ रहे थे। जो जश्न मना रहे थे, उनमें से ज्यादातर ऐसे थे जो सवर्ण और मध्यमवर्गीय लोग थे, जो भाजपा के कोर वोटर माने जाते हैं। किसी से भी पूछिये, दो ही बातें कहते थे। ‘घमंड टूटना जरूरी था, युवाओं का गुस्सा काम आया।’ इसलिए कल देर शाम जब घर लौटा तो यही लाइन दिमाग में उतरी, भाजपा के लॉयल वोटरों ने अब बगावत करना शुरू कर दिया है।
यह सिर्फ मेरा आकलन नहीं है। आंकड़े भी यही कहते हैं। महज आठ-नौ महीने पहले बिहार विधानसभा चुनाव में 98299 वोट मिले थे और राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 46363 वोट। तब जनसुराज के प्रत्याशी वंदना कुमारी को सिर्फ 7717 वोट आये थे। मगर अब माहौल बदल चुका है। प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले हैं और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44827। रेखा गुप्ता को 14273। पिछले चुनाव से मुकाबला करें तो भाजपा ने इस चुनाव में लगभग 54 हजार वोट गंवाए और राजद ने 30 हजार। यानी भाजपा का नुकसान बड़ा है। बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक जनसुराज की तरफ शिफ्ट हुए हैं। यही भाजपा के लिए खतरे की घंटी है।
सच तो यह है कि जंतर-मंतर से लेकर बांकीपुर तक जो हुआ है, वह भाजपा के लिए खतरे की घंटी ही है। अब तक भाजपा का विरोध दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक किया करते थे। मगर अब उनका विरोध सवर्ण और शहरी मध्यमवर्गीय लोग कर रहे हैं, जो उनके कोर वोटर हैं। जो वोटर के साथ भक्त भी रहे हैं। अंधभक्त। कई लोग इसके जातीय विश्लेषण करते हैं। ब्राह्मण, भूमिहार और राजपूत ने इतना दिया, इतना नहीं दिया। मैं उस विश्लेषण में नहीं पड़ूंगा। मैं बस इतना समझता हूं कि कल तक जो लोग चौक-चौराहे पर और वाट्सएप ग्रुप में मुस्तैदी से भाजपा के लिए बैटिंग करते थे, पिछले दिनों उसका बड़ा हिस्सा छिटक गया है। टूट गया है।
ऐसा लगता है कि अब भाजपा के इन कोर वोटरों से संदेश देना शुरू कर दिया है कि अब वे अंध भक्ति तो बिल्कुल नहीं करने वाले। पार्टी उन्हें फॉर ग्रांटेड नहीं ले सकती। ऐसा नहीं कि पार्टी कुछ भी करे और उनके भक्त तो वोट उन्हें ही देंगे। वे अपने वोट की कीमत चाहते हैं और वोट की ताकत से भाजपा को संदेश देना चाहते हैं कि वे संभल जायें। ऐसे में भाजपा निश्चित तौर पर परेशान होगी कि उनके कोर वोटर उनसे छिटक रहे। उनके काबू में नहीं रहे। इसलिए पिछले 12 सालों में भाजपा के लिए ये घटनाएं सबसे चुनौतीपूर्ण हैं।
क्यों गुस्सा हैं भाजपा के कोर वोटर?
इसकी कई वजहें हैं। बिहार में देखें तो सबसे बड़ी वजह सम्राट चौधरी को सीएम बनाना है। पार्टी का पहला सीएम उन्हें ऐसा नहीं चाहिए था, जिस पर अपराध का दाग हो, जिसकी बातचीत में वह दबंगई हो, जिसे राजद के दौर में उन्होंने भोगा है। उन्हें बार-बार पार्टी विथ डिफरेंस की घुट्टी पिलाई गई थी। दूसरी वजह जमीनी कार्यकर्ताओं के नाम पर डमी लोगों को आगे बढ़ाना और नीरज सिंहा जैसे उम्मीदवार को थोपना। इसे बांकीपुर की जनता अपना अपमान समझ रही थी।
विश्लेषणों में जरूर कायस्थ भाजपा के साथ बताये जाते हैं, मगर कायस्थों में भी इस फैसले को लेकर कम गुस्सा नहीं था। नीट आंदोलन का मसला तो सब पर हावी था ही। मध्यम वर्ग को लगने लगा था कि सरकार उनके बच्चों की पढ़ाई और कैरियर को लेकर गंभीर नहीं है।
इसमें आप यूजीसी के मसले को जोड़ दें, भरत तिवारी प्रकरण को जोड़ दें, नीट छात्रा की संदिग्ध हत्या के मामले को जोड़ दें, राम मंदिर चंदा चोरी को जोड़ दे। ये तमाम ऐसे प्रकरण हैं, जिनके कारण भाजपा का कोर वोटर ठगा महसूस कर रहा है। उसके अंदर गुस्सा है।
इस गुस्से को इस बार पीके ने बखूबी भुनाया और वे आगे भी भुनायेंगे। उन्हें फार्मूला मिल गया है। भाजपा के नाराज वोटरों को तोड़ लेना है। विरोधी वोटर तो खुद साथ आ जायेंगे, जैसे बांकीपुर में साथ आये। क्योंकि उनका मकसद अब भाजपा को हराना है। अगर ऐसा ही बना रहा तो जल्द प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज बिहार की राजनीति में खाली हो रही जदयू और राजद के स्पेस को भरने में जुट जायेगी। कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जिसका सबसे आसानी से पीके से समझौता हो सकता है। अगर पीके कुछ बुनियादी वैचारिक मसले पर साथ देने को तैयार हो तो वामदल भी उसके साथ आ सकते हैं। जैसे वाम दल जंतर मंतर पर काक्रोच जनता पार्टी के साथ खड़े दिखे।
ऐसे में यह न सिर्फ बीजेपी बल्कि राजद और जदयू के लिए खतरे की घंटी है। बिहार में एक मध्यममार्गीय पार्टी की स्पेस लगातार बन रहा है। खास कर जदयू के पराभव के साथ। मुझे लगता है यह बिहार की आने वाली राजनीति की तस्वीर है।