विचार / लेख

सरकार के सीखने की बारी?
01-Aug-2026 9:43 PM
सरकार के सीखने की बारी?

-अरविन्द मोहन

शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा छात्रों-नौजवानों का आंदोलन अब एक नए दौर में पहुँच गया है। ‘नीट’ (‘नेशनल एलिजिबिलिटी कम ऐंट्रेंस टैस्ट,’ ‘राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा’) परीक्षा के सवाल लीक होने पर कम बवाल नहीं मचा था। आखिर इस सरकार के कामकाज के दौरान नब्बे परचे लीक हुए और फिर भी न लीक कराने वाली प्राइवेट एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई हो रही है न मंत्री जी की सेहत पर कोई फरक पड़ता है।

जब सुप्रीमकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने सामाजिक कार्यकर्त्ताओं और एक्टिविस्ट पत्रकारों के लिए ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया तो एक नया बवाल शुरू हुआ। विदेश में रहने वाले कुछ नौजवानों ने ऑनलाइन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बना डाली जिसके ‘फालोवर’ लाखों में सामने आए। उसका नेता अभिजीत दीपके हिंदुस्तान आया और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचा तो सरकार ने उसे हवाई अड्डे पर रिसीव करने से लेकर जंतर-मंतर पर बैठाने का इंतजाम किया। उसी ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को मुद्दा बनाया जो धीरे-धीरे जोर पकड़ता गया। सोनम वांगचुक जैसे नामी आदमी और दिल्ली के विश्वविद्यालयों के कई छात्रों द्वारा अनशन शुरू करने पर यह जोर पकड़ता गया। बीस जुलाई को संसद का मानसून सत्र शुरू होने पर संसद तक जाने के आह्वान ने आंदोलन का नया ही स्वरूप बना दिया।

पहले जो कुछ हो रहा था उससे सरकार अनजान नहीं थी और सोनम वांगचुक जैसों से बातचीत का प्रयास करके तनाव कम कर सकती थी। उसने ऐसा क्यों नहीं किया, यह जबाब वही देगी, लेकिन उस दिन जब हर तरफ से नौजवानों और राजनीतिक कार्यकर्त्ताओं का रेला उमडऩे लगा तब उसकी नींद खुली। दस हजार से ज्यादा वर्दी वाले जवान और काफी संख्या में बिना वर्दी वालों को लगाकर भीड़ को रोकने और संसद की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश हुई। इसमें लाठी चार्ज और आँसु-गैस छोडऩे का प्रयोग हुआ। कई जगह लडक़ों से भिड़ंत हुई। कई सिर फूटे, हाथ पैर टूटे।

सरकार ने जेपी नड्डा से आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि की बात कराई, लेकिन तब तक काफी कुछ बदल गया था। एक तो आंदोलन ‘काकरोच जनता पार्टी’ भर का नहीं रहा। इसमें स्वत:स्फूर्त ढंग से काफी बड़ी संख्या में नौजवान और छात्र शामिल हुए। दूसरे, लगभग पूरा विपक्ष एकजुट होकर आंदोलन के पक्ष में आ गया, ‘एनडीए’ से जुड़े कुछ लोग भी सरकारी रवैये को लेकर नाखुश दिखे। आंदोलन देश के दर्जनों शहरों में फ़ैल गया। जगह-जगह प्रदर्शन और गिरफ्तारियों की खबर आई। दिल्ली में भी रोक-टोक के बावजूद हाल के वर्षों की सबसे बड़ी भीड़ जुटी- ‘अन्ना आंदोलन’ वाले दौर से भी ज्यादा बड़ी।

अगर यह सवाल शिक्षामंत्री के इस्तीफे तक रहता है तो उसके होने, न होने को हम सरकार या आंदोलनकारियों की जीत या हार के रूप में देख सकते हैँ। बीस जुलाई को सरकार और पुलिस की तरफ से यह जताया गया कि अब आंदोलनकारी जंतर-मंतर से उठ गए हैं, उनका मंच हटा दिया गया है, लेकिन आंदोलनकारी रात भर बैठे रहे और सोनम वांगचुक ने भी अस्पताल से ही अपना अनशन जारी रखने का ऐलान किया।

दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एनडीए’ सांसदों से मंगलवार वाली मुलाकात को ‘मंगल मिलन’ नाम देते हुए बैठक की और परचा लीक मामले में पहली बार स्पष्ट घोषणा की। हालांकि उनके कहने में धर्मेंन्द्र प्रधान को जिम्मेवार मानने जैसा कोई मसला न था, लेकिन उनका इतना बोलना और 20 जुलाई की सरकारी तैयारी बताती है कि वे अब इस आंदोलन को लेकर गंभीर हैं या आशंकित हैं।

बिना वर्दी वाले लठैत उतारने के साथ बिना नेमप्लेट और बैच वाले जवानों को बच्चे-बच्चियों से निपटने की ड्यूटी लगाने का फैसला यूं ही नहीं लिया गया है। चाहे ‘कृषि बिल’ पर किसानों का आंदोलन हो या महिला पहलवानों के मामले पर चला आंदोलन, सरकार जब अपने पर उतरती है तो क्या करती है या कर सकती है यह देश ने देखा है।

हर बार हर मामले को एक ही डंडे से हांकना लोकतांत्रिक राजनीति के हिसाब से न उचित है, न संभव। अगर सरकार ने पहलवान मामले में अपनी चलाई तो किसान मामले में उसे झुकना पड़ा। इस बार आंदोलन जिस नाजुक मोड पर है उसमें उसके बिखरने और जोर पकडऩे जैसी दोनों स्थिति संभव लगती है। एक तो कोई व्यवस्थित संगठन और विचारधारा न होने से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ देशव्यापी आंदोलन चलाकर भाजपा, ‘एनडीए’ और संघ को चुनौती दे सकती है, यह अभी संभव नहीं लगता। दूसरे अभी तक के काम में ही उसने विपक्ष की मदद ली हो, साथ आये लडक़े-लड़कियों को मन से अपनाया हो, ऐसा नहीं लगता।

 

बीस दिन के अनशन वाले दौर में भी मंच वालों और नीचे वालों के बीच का फांक कोई भी देख सकता था। पर मान-अपमान की परवाह किए बगैर ‘आईसा’ और वामपंथी छात्र संगठन जमे रहे तभी आंदोलन ने कोई स्वरूप लिया। फिर तो दिल्ली में सरकार विरोध का हर अवसर ढूँढने वाले लोगों और विपक्षी सांसदों के जमा होने में वक्त नहीं लगा। उनकी मंशा और काम पर शक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन वे कोई बड़ा जनआंदोलन खड़ा कर लेंगे इसमें शक जरूर है।

एक तरफ आंदोलन को मिला जबरदस्त समर्थन है तो दूसरी ओर सरकारी पक्ष की तरफ से अब तक हुई गलतियां भी आंदोलन को बल दे रही हैं।

 जिस तरह अहिंसक बच्चों के साथ हिंसा हुई, बिना वर्दी के सिपाहियों या गुंडों द्वारा मारपीट और हिंसा की गई, भूख हड़ताल को पुलिस और सफेद परदे का सहारा लेकर सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त करने का प्रयास किया गया वह आंदोलन के जुनून को दबा नहीं सकता। इसकी बड़ी वजह वह कारण है जिसके लिए आंदोलन शुरू हुआ है।

बच्चों के भविष्य के साथ होने वाले खिलवाड़ के सामने आने पर भी सरकार जो कुछ कर रही है उससे बड़े से बड़ा मोदी भक्त परिवार भी दुखी है। हमने जनआंदोलनों की हवा के जोर पकडऩे और फिसलने का उदाहरण भी देखा है। अक्सर सरकार की गलतियां आग में घी डालने का काम करती हैं। दूसरी तरफ आपसी फूट, नेतृत्व की होड, राजनैतिक लाभ लेने की कोशिश और वैचारिक शून्यता ऐसे कारण होते हैं जो अच्छे-भले आंदोलन की हवा निकाल देते हैं। इसलिए अगले कुछ दिन बहुत नाजुक और महत्वपूर्ण हैं। शतरंज बिछ गया है। कौन पक्ष अपने पाँसे ठीक चलता है, कौन गलती करता है इस पर काफी कुछ दांव पर लगा है। (सप्रेस)  

(श्री अरविन्द मोहन देश के वरिष्ठ पत्रकार है।)


अन्य पोस्ट