विचार / लेख

क्या भारत का युवा बदल गया है?
25-Jul-2026 8:19 PM
क्या भारत का युवा बदल गया है?

-संजय श्रमण

चार साल पहले यूरोप के एक वरिष्ठ एंथ्रोपोलॉजिस्ट से बात हो रही थी। वे युवाओं में मोबाइल की लत और उनके बदलते रंग-ढंग से बहुत चिंतित थे। उन्होंने मुझसे पूछा कि भारत के ओबीसी, दलित, आदिवासी, परिवारों का क्या अनुभव है?

मैंने दलित-आदिवासी परिवारों में जो फील्ड वर्क किया है उसका अनुभव सुनाया। मैंने कहा कि हो सकता है कि यूरोप और भारत के पहले से ही पढ़े-लिखे परिवारों के बच्चों में इंटरनेट और मोबाइल से नुकसान हो रहा है। लेकिन मैं दावे से कहता हूँ कि भारतीय गाँवों में एकदम गरीब और पहली पीढ़ी के पढ़े-लिखे बच्चों में इससे बहुत फायदा हो रहा है।

मेरी बात सुनकर वे चौंके फिर कारण और उदाहरण मांगे।

मैंने कहा कि भारत के गरीब ओबीसी, दलित, और आदिवासी परिवारों के बच्चे मोबाइल स्क्रीन से सीधे-सीधे आज के जमाने की ‘कूल’ भाषा, मुहावरे, मजाक, गाली और हर तरह की अभिव्यक्तियाँ सीख रहे हैं। वे न केवल भाषा बल्कि आजादी, गुलामी, आत्मनिर्भरता, सहयोग आदि को ‘सही कांटेक्स्ट’ में महसूस कर रहे हैं। आज से कोई दस-पंद्रह साल पहले इन गरीब परिवारों का कोई भी बच्चा बड़ा कन्फ्यूजन में रहता था।

उदाहरण के लिए किसी अपमानजनक स्थिति में क्या और कितना रिएक्ट करना है? किसी जरूरी काम के लिए कैसे और कितना झुकना है? माँ-बहन की गाली कब मजाक होती है और कब अपमान और आक्रमण होती है? दोस्ती में अपेक्षा और एहसान क्या होते हैं? ये बहुत छोटी लेकिन बहुत महत्वपूर्ण बातें हैं जो गऱीब परिवार के बच्चे 20-25 साल तक नहीं सीख पाते थे।

यही वास्तविक पिछड़ापन है। बाकी सब गंदगियाँ और कमजोरियां इसी से निकलती हैं।

लेकिन अब इस इंटरनेट और मोबाइल ने ये सारे मुद्दे हल कर दिए हैं। अब गांव की एक छोटी-सी बच्ची भी बर्थडे विश मिलने पर ठीक से मुस्कुराना और धन्यवाद देना जानती है, एक गांव का गरीब आदिवासी बच्चा भी लाइक और स्माइली से दूसरों की भावनाओं का सटीक मूल्यांकन करके एक सेकंड में रेस्पोंड करना जानता है। ये भारत में हुआ एक बहुत बड़ा बदलाव है जिसे जाति व्यवस्था और गरीबी ने रोक रखा था।

मेरी ये बातें सुनकर उन्हें आश्चर्य हुआ कि ये क्या बात हुई? ये चीजें तो बढ़ते हुए बच्चे समाज से अपने आप सीख लेते हैं।

असल में वे भारत की जाति व्यवस्था और ज्ञान और शिक्षा की राजनीति के बारे में कुछ नहीं जानते थे। उन्हें लगता था कि यूरोप के समाज की तरह भारतीय समाज में बच्चे आपस में घुल-मिलकर एक-दूसरे से सब ईमानदारी से बेरोकटोक बातचीत करके सीखना-सिखाना कर लेते होंगे।

उन्हें छोडि़ए, आप अपने आसपास उन बच्चों को देखिए जिन्होंने सन् 2005 के बाद पहली सांस ली है। उनकी गालियाँ, मुहावरे और अपेक्षाएँ एकदम अलग हैं। अगर 2010 के बाद के बच्चों की बात करें तो अंतर और ज़्यादा है। अगर 2015 से 2020 के बच्चों की बात करें तो मामला एकदम अलग है। 

ये वो पीढ़ी है जो सीधे-सीधे इंग्लिश मुहावरों में दीक्षित हो रही है।

गांव-खेड़ों में भी अंकल, आंटी, कजिऩ, कूल, ड्यूड, गाइज, फ्रेंड्स, ओह शिट, ओह ‘ञ्चक’ , फट्टू, ‘पूतिया’ ‘झोपड़ी के’ जैसे ना जाने कितने शब्द एकदम स्वाभाविक बनकर आ गए हैं। इनकी अभीप्साएँ अब सौभाग्य से उनके अपने पारिवारिक मूल्यों से कम संचालित हैं। ये अभीप्साएँ अब इंटरनेट पे छाये यूट्यूब वीडियोज और रील की चमक से संचालित हैं।

अब तो छोटे शहरों के स्कूल-कॉलेज की लड़कियां भी लडक़ों की तरह बिंदास गालियाँ देतीं हैं, हाथ से इशारे करतीं हैं और हँसतीं हैं। निश्चित ही ये एक वल्नरेबल सिचुएशन है लेकिन इसमें पुरानी पीढिय़ों की गुलामी का अंश बहुत कम है। इस बात से बहुत फर्क पड़ता है।

पंद्रह से बीस या बाईस साल के बच्चों को ध्यान से देखिए। उनके सपने उनकी अपेक्षाएं एकदम बदल गईं हैं। यहाँ तक कि धर्म और संस्कार आदि के बारे में भी जब वे पारंपरिक बाबाओं से बात करते हैं, तब उनके प्रस्थान बिंदु और लक्ष्य बहुत नए होते हैं।

 

इसे सौभाग्य या दुर्भाग्य कहना बहुत जल्दबाजी होगी लेकिन ये एक बड़ा बदलाव तो है ही। कुल मिलाकर बात ये है कि गरीब ओबीसी दलितों और आदिवासी परिवारों के बच्चे इस इंटरनेट की कृपा से प्राचीन भारतीय महा आख्यानों से अनजान हैं। ये अनभिज्ञता हालांकि उन्हें इन महा आख्यानों से सुरक्षा नहीं देती, लेकिन कम से कम उनके सेक्युलर चुनाव करने की क्षमता को बढ़ाती है।

मतलब ये कि वे किसी धार्मिक सांस्कृतिक भावुकता के वातावरण में आसानी से शिकार बन सकते हैं, लेकिन अगर उनके अपने तात्कालिक हित पर कोई आंच आई तो वे एकदम गरिया के लात मारने लगेंगे। फिर वे न माँ-बाप को देखते हैं न छोटे-बड़े का लिहाज करते हैं।

ये तो हुई ऱीब ओबीसी और दलितों के बच्चों की बात।

अब खाये-पिए संपन्न परिवारों के बच्चों के क्या हाल हैं? वे और तेजी से यूरोपीय संस्कारों में दीक्षित हो रहे हैं। पहले से कहीं अधिक सेल्फ सेंटर्ड और इंडिविड्युअलिस्टिक हो रहे हैं। ये दोधारी तलवार है, एकदम खतरनाक सिचुएशन है। वे भारतीय महाख्यानों से बिल्कुल दूर जा रहे हैं। इसका फायदा भी है, और बड़ा नुक़सान भी। फ़ायदा वो है जो अभी दिख रहा है, नुकसान वो है जो आज तक की सामूहिक बर्बादी तक ले आया था।

किसी तात्कालिक मुद्दे की गर्मी में एकदम से उबलकर ढक्कन उछालकर फैल जाना- इस पीढ़ी का ट्रेडमार्क  है। जैसे दूध उबलकर फैल जाता है। इसके बहुत थोड़े समय के लिए कुछ लाभ भी हैं। लेकिन दूरगामी रूप में ये घातक ही है। जिस नई सामाजिक मनोवैज्ञानिक दुनिया का इन बच्चों के मन में निर्माण हो चुका है, उससे संवाद करना पुरानी पीढ़ी के लिए एक नई चुनौती है।

आज भारत के हर बड़े शहर में अचानक से जो कुछ फट पड़ा है, उसके मूल में यही चुनौती साफ नजऱ आ रही है।


अन्य पोस्ट