विचार / लेख

ओ बरसाती नालियों! इस तरह न उबाल मारा करो
22-Jul-2026 8:31 PM
ओ बरसाती नालियों! इस तरह न उबाल मारा करो

-सुशांत आचार्य

जब मन बहुत भरा होता है तो आँखें छलक ही जाती हैं। शायद नालियों का हाल भी कुछ ऐसा ही हो गया है इन दिनों। वे भी आखिर कितना सहें? साल भर हम उनमें प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें, डिस्पोजेबल सामान, चिप्स के रैपर, सड़ा-गला कचरा, घर का मलबा और जाने क्या-क्या उड़ेलते रहते हैं। जब बरसात की पहली तेज़ बौछारें आती हैं वे अपने भीतर का सारा दर्द समेट नहीं पातीं और उफन पड़ती हैं। और हम शिकायत करते हैं, ‘ओ बरसाती नालियों! इस तरह न उबाल मारा करो।’ लेकिन क्या कभी हमने एक पल रुक कर यह सोचा कि उन्हें इस तरह से उबलने पर मजबूर किसने किया? शायद नहीं।

नालियाँ को अगर शहर की मौन सेविकाएँ कहा जाये तो झूठ नहीं होगा। उनका काम है पानी और कूड़ा कचरा बिना किसी रूकावट के बहा ले जाना। वे न बोलती हैं, न विरोध करती हैं। लेकिन जब उनके रास्ते को प्लास्टिक, पॉलिथीन, डिस्पोजल सामान, घरेलू कचरे और मलबे से पाट दिया जाता है, तब उनका दम घुटने लगता है। बरसात का अतिरिक्त पानी उनके लिए अग्नि परीक्षा बन जाता है। भीतर का दबाव बढ़ता है और फिर वे उफन कर सडक़ों पर फैल जाती हैं। यह कोई उनका विद्रोह नहीं, उनकी विवशता ही है।

ऐसा नहीं है कि ऐसी स्थिति के लिए प्रशासन का कोई उत्तरदायित्व नहीं बनता। नगर निगम, नगर पालिका और पंचायतों का दायित्व है कि बरसात से पहले नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, उनमें जमी गाद निकाली जाए, टूटे हिस्सों की मरम्मत हो और जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि रखरखाव समय पर और नियमित हो, तो वर्षा का पानी बिना किसी बाधा के बह सकता है। केवल बरसात आने पर औपचारिक सफाई अभियान चलाना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।

फिर भी सारा दोष प्रशासन पर मढ़ देना भी सही नहीं होगा। नालियों की सबसे बड़ी दुश्मन हमारी लापरवाही है। घर का कचरा, दुकान का प्लास्टिक, पूजा सामग्री, बचा हुआ खाना और मलबा जब हम सुविधा के नाम पर नालियों में फेंक देते हैं, तब हम केवल एक नाली नहीं भरते, बल्कि पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था को संकट में डाल देते हैं। एक छोटी-सी पॉलिथीन भी अनेक टन पानी का रास्ता रोक सकती है।

इस समस्या का समाधान केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि नागरिक चेतना भी है। हर नागरिक को यह समझना होगा कि सार्वजनिक स्थान की साफ़ सफाई उसकी अपनी भी जिम्मेदारी हैं। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करना, तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालना हमारी आदत का हिस्सा बनना चाहिए। जब तक नागरिक स्वयं जागरूक नहीं होंगे, तब तक कोई भी प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर सकता।

रुका हुआ गंदा पानी केवल असुविधा ही नहीं, बल्कि बीमारियों का भी घर बन जाता है। डेंगू, मलेरिया और अनेक जलजनित रोग ऐसे ही वातावरण में पनपते हैं। हर साल इन बिमारियों से कई जाने चली जाती हैं, इसलिए स्वच्छ नालियाँ केवल साफ़-सुथरे शहर की पहचान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की भी आधारशिला हैं।

अब समय है कि विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्थानीय निकायों और नागरिक समूहों द्वारा स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को जन आंदोलन की तरह चलाया जाए। लोगों को यह समझाया जाए कि नालियाँ कूड़ेदान नहीं हैं। यदि हम उनके साथ न्याय करेंगे, तो वे भी बरसात में बिना शिकायत अपना दायित्व निभाएँगी।

आज प्रश्न नालियों से नहीं, हमसे है। जब मन बहुत भर जाता है तो आँखें छलक ही जाती हैं; और जब नालियों का पेट हमारी लापरवाही से भर जाता है, तो वे भी उफन पड़ती हैं। इसलिए उन्हें दोष देने से पहले हमें अपने व्यवहार का मूल्यांकन करना होगा। जिस दिन नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और प्रशासन अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, उस दिन बरसाती नालियाँ नहीं उबलेंगी, वे केवल बहेंगी, जैसे किसी सभ्य समाज की व्यवस्था बहनी चाहिए।


अन्य पोस्ट