विचार / लेख
-सच्चिदानंद जोशी
लीजिए अब तो मानना ही पड़ेगा कि मानसून आ गया है। सून नहीं थोड़ा लेट ही सही पर आ तो गया है। जैसे जैसे बारिश की फुहारें तेज होती जाएंगी , बाज़ार में आम की आवक घटती जाएगी । भोपाल में होते तो कहते कि अब चौसा आयेगा जिसकी सुगंध से ही दिमाग खराब होने लगता है। फिर आयेगा बड़ा वाला फजली और बस फिर आम का सीजन खत्म। अब शायद ऐसा नहीं कह पाते क्योंकि आम बारहों महीने आपको फलों की दुकान पर दिखता है और आपका जब मन चाहे आप आम खा सकते हैं। थोड़ा महंगा मिलेगा लेकिन मिलेगा जरूर। हां उसका स्वाद कैसा होगा और सुगंध भी इसकी कोई गारंटी नही है।इसलिए आम का या फॉर दैट मैटर किसी भी फल या सब्जी का अब कोई सीजन बचा ही नहीं।
अब घर में माताएं ये कहते कम ही सुनाई पड़ती हैं ‘अरे बारिश शुरू हो गई , बाजार में कैरियां खत्म हो जाएंगी , साल भर का अचार डालना है।’ फिर हम बाज़ार जाते अचार के लिए बरनियां लाते उन्हें हींग का धुआँ देते , सब्जी मार्केट से कैरियां लाते, उन्हें बड़ी दराती से कटवाते और फिर मां अपनी खास रेसिपी से अचार डालती। आचार का मसाला लगी दो चार फांके मां वैसे ही खाने को देती और दो चार चुरा कर खाते मां की स्वादिष्ट डांट के साथ। आचार बनता और फिर अड़ोस पड़ोस की आंटी के साथ साझा होता और प्रतीक्षा करते कि शर्मा आंटी कब अचार बनाएंगी क्योंकि उनका अचार मां के बनाए अचार से भी अच्छा लगता था ( और ये कभी मां के सामने कहने की हिम्मत नहीं होती थी)। धीरे धीरे घर में ऊपर से कपड़ा लगी अचार की बारानियों का साइज़ घटता गया और अब तो प्राय: वो गायब ही हो गई है। अब उनकी जगह बारहों महीने तीन सौ पैसठ दिन मिलने वाले हर तरह के अचार ने ले ली है।
बदलते समय के साथ साथ आम की एक और किस्म गायब से हो गई है और वो है चूसनी आम।बचपन में आम रस यानी चूसनी आम का ही होता था। आम रस बनाना एक प्रोजेक्ट होता था। हमारे नाना जी आम विशेषज्ञ समझे जाते थे और उनके साथ आम लाने जाना सबसे दुष्कर कार्य होता था। घर में छोटे थे और थोड़े शैतान भी तो ये ड्यूटी पकड़ा दी जाती थी।सुबह नानी नाश्ता करवा कर दो तीन बड़े थैलों के साथ नाना जी के साथ हमें आम मंडी भेज देती। एक हाथ में साइकिल घसीटते थैले लटकाए हम नाना जी के पीछे मंडी में घूमते। हर दुकान पर वे थोड़ा आम का रस हाथ में लेकर चूसते , थोड़ा हमें भी देते। कोई खट्टा निकलता तो कोई पानियल। जब सब ठीक रहता तो भाव गड़बड़ा जाता। आखिर दस बीस दुकानों का भ्रमण करने पर दो तीन थैले आम खरीदे जाते वो भी अलग अलग दुकानों से। घर पर उन्हें पानी में डाला जाता। नानी के सुपरविजन में उनका रस मामी , मौसी लोग निकलते और उनकी डांट खाते हम दो चार गुठलियां चूसते और ऐसे बनता आम रस। नानी खाना परोसते कहती ‘रस अच्छी तरह खाना , आज आम नन्दू (यानी हमने ) पसंद करके लाए हैं।’ नानी बिना बात के क्रेडिट हमें देती और मंडी में साइकिल और थैला पकडऩे का सारा श्रम सार्थक हो जाता।
चूसनी आम का बचपन का एक और मजेदार प्रसंग ये कि मौसी के यहां उनके ससुराल में अकसर जाना होता था।एक बार गए तो मौसी के ससुर जी ने जाते ही चूसनी आमो से भरी एक छोटी टोकरी ( फिर भी उसमें करीब पंद्रह आम तो होंगे ) सामने रख दी और बोले खाओ। हमने शर्मा-शर्मी में कहा ‘आप भी लीजिए’ तो बोले ‘लेता हूं न’ और वैसी ही एक टोकरी अपने लिए भी ले आए। बात यही पर थमती तो ठीक था। जब हम आम पिलपिला करने लगे तो बोले ‘अरे अरे ये क्या कर रहे हो। आम ऐसे थोड़े ही पिलपिला किया जाता है।’ फिर उन्होंने बाकायदा आम को पिलपिला करने की तकनीक समझाई। कहां दबाना है , कैसे दबाना है , कितना दबाना है। गुठली अंदर कैसे घूमनी चाहिए इसका पूरा ट्यूटोरियल दिया। फिर हमसे दो चार ट्रायल करवाए। उसमें रस की बूंदों का अभिषेक हमारे नए टी शर्ट पर भी हुआ । जब वे पूरी तरह संतुष्ट हो गए कि हम चूसनी से आम से अधिकतम रस निकलने की कला में माहिर हो गए हैं तब बोले ‘हां अब खाओ’ और इसके साथ एक फ्रेश टोकरी और हमारे सामने रख दी। साथ में जुमला जड़ दिया कि ‘रस के आम से इतना रस निकालो कि गुठली अंदर से पूरी सफेद निकले और उसमें एक भी रेशा न बचे। साथ ही हाथ भी पूरी तरह साफ रहे। ‘उस दिन की चूसनी आम खाने की कार्यशाला से हम इतने भयभीत हो गए कि उसके कई दिन बाद तक जब भी मौसी घर बुलाती तो पहले पूंछ लेते ‘तुम्हारे घर के आम खत्म हो गए या नहीं।’
बाद बाद के दिनों में तो चूसनी आम खाने का रिवाज़ ही खत्म हो गया। आम का रस मिक्सर में बनने लगा और डॉक्टरों के परहेज के हत्थे चढ़ गया। हमारा दुष्यंत जब छोटा था तब एक बार उसे चूसनी आम खिलाया था, आम का रस मुँह में जाते ही वो आम देख कर बोला ‘अरे वाह फ्रूटी का नया पैकेट!’
चूसनी आम से कलमी आमों की तरफ लौटें तो कई किस्से याद आते हैं। जितनी आमों की कि़स्में उतनी किस्मों के किस्से ।
बात उन दिनों की है जब हापुस आम ‘दी अलफांसो’ नहीं हुआ था। जैसा भी था वो फिर भी मध्यम वर्गीय परिवार की पहुंच से बाहर ही था। एक बार हम मुंबई गए। शांतनु छोटा था। भैया भाभी ने बड़ी मुश्किल से दो हापुस हमारे लिए बचा कर रखे थे। रात के खाने के बाद भाभी ने प्लेट में आम काट कर कुछ इस तरह सजाये कि हापुस हमारी तरफ रहें और दूसरा आम दूसरों की तरफ रहे। भैया की बिटिया भी छोटी ही थी और उसे आम बेहद पसंद था । भाभी के प्लेट रखते ही बोली ‘मंै उधर वाला आम खाऊंगी। ‘बच्चों का तो दिल रखना ही था और हम हापुस की एक एक फांक खाकर संतुष्ट हो गए। हापुस के भाव तब भी नहीं मालूम थे।उसी दौरान एक दिन बाजार चले गए तो फल वाले की दुकान दिखी और उसमें दिखा हापुस। भाव पूछा तो फल वाला बोला अस्सी रुपये। हमें आश्चर्य भी हुआ और खुशी भी। हमारे यहां भोपाल में उस समय तो दशहरी और लंगड़ा एक सौ बीस रुपए किलो चल रहा था। हापुस अस्सी मिल रहा है ये देखकर शान से बोले ‘दे दो दो किलो।’ फल वाला असमंजस में पड़ गया , बोला ‘अरे सीधा बोलो तुमको कितना पीस मांगता, अस्सी रुपये पीस है।’ भाव सुन कर चक्कर ही आ गए।
मुंबई में हापुस का स्वाद चख लेने के बाद शांतनु की जिद पर कुछ आम भोपाल भी लाए गए। हमारा कमरा पहली मंजिल पर था और आई बाबा का नीचे। आम थोड़े कच्चे लिए थे ताकि धीरे धीरे पकें।रात होती तो हम एक दो निकाल कर देखते और खाते। आई बाबा कई बार रात हो जाने के कारण आम खाने से मना कर देते। इससे शांतनु जी के मन में यह धारणा बन गई कि ये जो स्पेशल आम है वो सिर्फ रात को ऊपर ही खाने के लिए है। एक बार कुछ खास मेहमान आए तो मालविका जी ने उनकी आवभगत में हापुस आम भी काट दिए। प्लेट में आम देखते शांतनु जी बोल उठे ‘अरे मम्मी ये रात को खाने वाला आम इन्हें क्यों दे दिया। ’ मेहमानों के सामने वो फजीहत हुई कि पूछिये मत।
हमारे एक मित्र लखनऊ में रहते थे और मलीहाबाद के पास उन्होंने किसी फार्म में पार्टनरशिप की थी। साल भर उनकी याद आए न आए जून जुलाई में जरूर उनकी बहुत याद आती थी। कभी कभी तो उन्हें फोन कर उनके हाल चाल भी पूछ लिए जाते थे ताकि उन्हें सनद रहे कि हम उम्मीद में जिंदा हैं अभी। वजह बहुत सीधी थी कि वो दशहरी आम की पेटी भिजवाते थे हर साल। एक बार ऐसी ही एक पेटी कोरियर से आयी। मकान नंबर नीचे वालों का था लेकिन हमें पूरा विश्वास था कि ये पेटी हमारे ही लिये है। अति उत्साह में हमने वो पेटी खोल ली और दो आम निकाल कर पानी में डाल दिए ताकि तुरंत खा सकें। तभी नीचे वाले भाई साहब पूछते चले आए कि कहीं उनकी आम की पेटी ऊपर तो नहीं आ गई। तब हमने ध्यान से देखा तो नाम उन्हीं का था। खिसियाहट में वो पेटी उन्हें दी और दो आम निकालने के लिए क्षमा याचना भी की ।बाद में लखनऊ वाले मित्र को फोन किया तो पता चला कि उन्होंने आम की ट्रेडिंग कब की बंद कर दी है और अब वे चिकन ( कपडे वाला, मुर्गा नहीं) की ट्रेडिंग कर रहे हैं।
आम वैसे तो है फलों का राजा और इसलिए इसकी हर किस्म एक अलग सेलिब्रिटी है। जैसे अलग लोगों के अलग अलग पसंदीदा हीरो हैं वैसे ही अलग अलग लोगों की अपनी अपनी पसंद का आम है ।किसी को लंगड़ा पसंद है तो किसी को दशहरी। किसी को चौसा चाहिए तो किसी को बदाम। कही बैगनपल्ली आता है तो कही पायरी। किसी को सिंदूर पसंद है तो किसी को मलगोवा । तोतापरी और नीलम भी पसंद करने वाले लोग हैं।
समय के साथ आम खाना कम हुआ है। अब तो शुगर और वजन बढऩे का डर सताया रहता है। बावजूद इसके थोड़ा बहुत तो खा भी लेते हैं, शुगर और वजन की परवाह किए बगैर। शुगर और वजन तो इतने संवेदनशील हो चले कि पूछिये मत। क्या पता आम के बारे इतना लिख देने से ही शुगर बढ़ जाए।