विचार / लेख

ताकत से लड़ सकता हूँ, गंदगी से नहीं...
10-Aug-2023 3:46 PM
ताकत से लड़ सकता हूँ, गंदगी से नहीं...

  दिनेश चौधरी

कमलेश्वर की कथा

सभी को मालूम है कि शेर बहुत सफाई पसंद होता है। एक बार हुआ यह कि किसी बात पर शेर और जंगली सुअर में झगड़ा हो गया। जंगल के लगभग सभी जानवर शेर से भयभीत रहते थे। उन्हें मौका मिल गया। उन्होंने सोचा, जंगली सुअर भी शेर से कम ताकतवर नहीं है। उसमें बस साहस की कमी है। वह अगर हिम्मत करके शेर से भिड़ जाए तो शेर को पछाड़ा जा सकता है। एक बार शेर हार गया तो उसकी बादशाहत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। सबने मिलकर जंगली सुअर को चढ़ा दिया।

दोनों की तू-तू-मैं-मैं इस कदर बढ़ गई कि जंगली सुअर ने शेर को मुकाबले की चुनौती दे दी। सारे भयभीत जानवरों ने तालियाँ बजाकर जंगली सुअर की हौसला-अफजाई की। शेर को ताज्जुब तो हुआ पर वह मुकाबले की चुनौती से इनकार भी नहीं कर सकता था। उसने चुनौती मंजूर कर ली।

शेर के चुनौती मंजूर करते ही सुअर मन-ही-मन घबराने और पछताने लगा, पर वह अपने सपोर्टर्स के सामने अपनी घबराहट जाहिर भी नहीं कर सकता था। तभी शेर दहाड़ा-तो फिर आ जा मैदान में!

जंगली सुअर की पसलियाँ काँप उठीं। उस ने मौत को टालने के लिए फौरन एक तरकीब सोची। वह शेर से बोला- मुकाबला हो तो शानदार तरीके से हो। जंगल के जो जानवर मौजूद नहीं हैं, उन्हें हमारे मुकाबले की खबर होनी चाहिए।

लोमड़ी ने आगे बढक़र जंगली सुअर की हाँ में हाँ मिलाई। सुअर को थोड़ी राहत मिली। आखिर आम राय से मुकाबले की तारीख और वक्त एक हफ्ते बाद तय कर दिया गया। शेर चला गया।

जंगली सुअर ने शेर को जाते हुए देखा पर उसकी अपनी हालत पतली थी। तैश में आकर जो गलती वह कर बैठा था वह उसे भीतर ही भीतर साल रही थी। हफ्ते भर बाद उसे अपनी मौत सामने खड़ी दिखाई दे रही थी। वह सोच रहा था कि अब कदम पीछे हटाया और मुकाबले से मना किया तो सपोर्टर्स जिंदा नहीं छोड़ेंगे! पछताते हुए वह जाके एक गंदे नाले में लेट गया। वहाँ लेटे-लेटे उसे एक जुगत सूझी। सफाईपसन्दी तो शेर की आदत थी, जुगत यह थी कि सुअर अगर काफी मैला और गंदगी अपने बदन में लपेट ले तो सामने आते ही उसकी बदबू से शेर की हालत खराब हो जाएगी। उसकी आधी ताकत बरबाद हो जाएगी। तब शायद कोई दाँव लगा कर वह शेर को पछाडऩे में कामयाब भी हो सकता है।

इसी जुगत पर जंगली सुअर ने सातों दिन अमल किया। वह मैले और गंदगी में लेट-लेट कर उसे अपने बदन पर सुखाता रहा। गन्दगी और मैले की परतें उसके बदन पर चढ़ती रहीं।

आखिर मुकाबले का दिन और वक्त भी आया। जंगल के तय- शुदा मैदान में सारे जानवर इक_ा हो गए। लोमड़ी और कुछ गीदड़ मिलकर जंगली सुअर का हौसला बढ़ाते हुए उसे मैदान में लाए।

शेर अकेला आया। सामने आकर उसने जंगली सुअर को पहला हमला करने के लिए ललकारा। डरते-डरते सुअर ने दौडक़र हमले की कोशिश की। उसकी गंदगी की बदबू से बेहाल होते हुए शेर परेशान हुआ, उसने कुछ सोचा और ऐलान किया-हाजरीन! मैं जंगली सुअर की ताकत से तो लड़ सकता हूँ, इसकी गंदगी और बदबू से नहीं...


अन्य पोस्ट