सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 अप्रैल। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय शंकर-शाद मुशायरे में अंबिकापुर के वरिष्ठ शायर श्याम कश्यप ‘बेचैन’ ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें विजेता ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम 4 अप्रैल को कनॉट प्लेस स्थित मॉर्डन स्कूल ऑडिटोरियम में शंकर लाल मुरलीधर शाद फाउंडेशन एवं डी सी एम श्री राम ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सुधांशु धुलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध शायर एवं फिल्मी गीतकार जावेद अख्तर, वसीम बरेलवी तथा शीन काफ निज़ाम सहित कई नामचीन शायर मौजूद रहे। इस दौरान डीसीएम श्रीराम ग्रुप के प्रबंध निदेशक माधव श्रीराम एवं अन्य प्रबंधन टीम के सदस्यों ने श्याम कश्यप ‘बेचैन’ को ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
मुशायरे में देश-विदेश के ख्यात शायरों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर इक़बाल अशहर, अज़हर इक़बाल, शकील आज़मी, राजेश रेड्डी, शबीना अदीब, सैफ़ निज़ामी, तंग साहब, लंदन के शायर हिलाल फरीद तथा हिना रिज़वी सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
अंबिकापुर के शायर श्याम कश्यप ‘बेचैन’ की इस उपलब्धि पर साहित्य प्रेमियों और शहरवासियों में हर्ष का माहौल है।


