सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 अक्टूबर। सितंबर के बाद अक्टूबर के शुरुआती दिनों में लगातार वर्षा की स्थिति के कारण धनतेरस और दीपावली बाजार प्रभावित होने की आशंका सता रही थी, पर मौसम कई दिनों से खुले होने और खुशनुमा हो जाने के कारण शनिवार को धनतेरस बाजार में जमकर धन वर्षा हुई।
धनतेरस में खरीदी का इस बार जबरदस्त मुहूर्त था। इस कारण धनतेरस के दिन बाजार में लौटी, रौनक के कारण जमकर धन बरसा हुई और सुबह से देर रात तक बाजार गुलजार रहा। लोगों ने जमकर खरीदारी की। ऑटोमोबाइल्स, फर्नीचर, जेवरात, बर्तन की जमकर खरीदी लोगों ने की। इलेक्ट्रानिक्स आइटम के बाजार आनलाइन खरीदी के कारण थोड़े कमजोर नजर आए पर इलेक्ट्रानिक आइटम की दुकानों में भी ग्राहकी पूरे दिन चली।
हाल ही में केंद्र सरकार के द्वारा जीएसटी कम करने का असर बाजार में दिखा। छोटे घरेलू सामानों की खरीददारी के लिए ग्रामीण क्षेत्र से लोग उमड़े।
धनतेरस पर संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में जमकर धनवर्षा हुई। पूरे दिन बाजार गुलजार रहा, लोगों ने जमकर खरीददारी की। इस बार धनतेरस में वाहनों, ज्वेलरी व फर्नीचर की बिक्री रिकार्ड तोड़ रही। इस वर्ष चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर एवं दोपहिया वाहनों की रिकार्ड बिक्री हुई। पुष्य नक्षत्र में व्यापार के बाद धनतेरस में जमकर धनवर्षा हुई। धनतेरस पर भगवान धनवंतरी व कुबेर की पूजा अर्चना के साथ धनतेरस पर सुख, समृद्धि के मंगल दीप जलाए गए। इसी के साथ ही ज्योति पर्व का आरंभ भी हो गया। धनतेरस पर दो दिनों से सजे बाजार पर शनिवार को लोगों ने जमकर धन बरसाया।
धनतेरस पर सुबह से ही नगर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भारी भीड़ उमडऩी शुरु हो गई थी। जिले भर से आए लोगों ने जमकर खरीददारी की। सोने, चांदी के दामों में बढ़ोतरी के बावजूद परशुराम ज्वेलरी सहित अन्य ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ दिखी।बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स सामान खरीदने लोगों का सैलाब उमड़ा। महिलाएं जहां ज्वेलरी और रसोई के जरुरी बर्तनों, पूजा के सामानों की खरीददारी में लगी रहीं। वहीं पुरुष वर्ग इलेक्ट्रानिक्स सामान, दोपहिया, चारपहिया वाहनों की खरीददारी में लगे रहे।
वाहनों की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री
इस वर्ष धनतेरस पर आटोमोबाइल्स का व्यवसाय भी चमका। लोगों ने चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की जमकर खरीददारी की। दोपहिया वाहनों के सबसे भरोसेमंद कंपनी हीरो, होंडा एवं ट्रैक्टरों की जमकर बिक्री हुई। आनंद आटोमोबाइल के संचालक प्रदीप गुप्ता, गुलशन गुप्ता के मुताबिक धनतेरस में एक ही दिन में साढ़े पांच सौ दोपहिया हीरो बाइक की बिक्री हुई।
फर्नीचर कारोबार चमका
धनतेरस पर इस बार भी फर्नीचर व्यवसाय में चमक रही। पिछले कुछ वर्षों से लोग तरह-तरह के फर्नीचर खरीदने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध से राहत
धनतेरस के एक दिन पहले तक शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। धनतेरस के दिन सुबह से पुलिस ने विशेष इंतजाम कर दिया था। शहर के प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने से जाम की स्थिति कहीं नहीं बनी। चाक चौबंद व्यवस्था से व्यवसायियों के साथ ग्राहकों को भी राहत मिली।
इलेक्ट्रॉनिक बाइक्स का बाजार भी बेहतर रहा
पेट्रोल की महंगाई के कारण इलेक्ट्रॉनिक बाइक का बाजार भी गुलजार रहा। पहले से विभिन्ना कंपनियों के इलेक्ट्रॉनिक बाइक की बुकिंग की गई थी। लोगों ने इस बार विभिन्ना नामी कंपनियों के दो पहिया वाहनों के साथ इलेक्ट्रॉनिक बाइक की जमकर खरीददारी की।
शनिवार के कारण वाहनों की बुकिंग अधिक
परंपरा अनुसार लोग धनतेरस पर सामानों की खरीदारी तो खूब करते हैं पर लोहे के सामान शनिवार के दिन घर न ले जाने की भी एक परंपरा है। इस कारण दोपहिया, चार पहिया वाहनों की धनतेरस पर जबरदस्त बुकिंग हुई है। इसे दूसरे दिन उठाने की तैयारी लोगों ने की है। इस कारण रविवार को इन दो पहिया, चार पहिया वाहनों का उठाव लोग करेंगे।


