सरगुजा

मुख्यमंत्री द्वारा अंबिकापुर निगम को 23 करोड़ देने की घोषणा के पांच महीने बाद भी नहीं मिली राशि
16-May-2025 11:52 AM
मुख्यमंत्री द्वारा अंबिकापुर निगम को 23 करोड़  देने की घोषणा के पांच महीने बाद भी नहीं मिली राशि

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा नगरवासी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 15 मई । मुख्यमंत्री द्वारा शहर की सडक़ों के निर्माण के लिए 23 करोड़  देने की घोषणा के पांच महीने बाद भी नगर निगम को राशि नहीं मिली है। कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और जनता के साथ छल बताते हुए जल्द राशि जारी न करने पर भविष्य में मुख्यमंत्री के अम्बिकापुर दौरे पर विरोध प्रदर्शन की बात कही है।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगर निगम चुनाव के पहले दिसम्बर 2024 में अम्बिकापुर की जनसभा में नगर निगम क्षेत्र की सडक़ों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए 23 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की थी। शहर की अधिकांश सडक़ें आज तक जर्जर है। इनमें बने बड़े-बड़े गड्ढे रोज दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। इस वर्ष मानसून भी समय से पहले आने का अनुमान है। बरसात से पहले सडक़ों का सुधार न हुआ तो सडक़ों स्थिति और भी खराब हो जाएगी। बरसात में डामर वाली सडक़ का निर्माण संभव नहीं है,ऐसे में समय भी कम ही शेष है।

 

 

 

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि इन्हीं सडक़ों का जन अपेक्षा अनुरूप पुनर्निर्माण न हो पाने के चलते जनता कांग्रेस से नाराज थी। राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा रोड निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये की घोषणा से लोगों को रोड की स्थिति सुधरने की उम्मीद जगी थी। इसी उम्मीद पर शहर की जनता ने भाजपा के पक्ष में बड़ा जनादेश दिया था। आज नगरवासी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

 उन्होंने मुख्यमंत्री से घोषणा अनुरूप राशि का आबंटन प्राथमिकता से अतिशीघ्र करने की मांग की है जिससे बरसात से पहले सडक़ो का निर्माण कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि बरसात पूर्व राशि जारी न करने की स्थिति में भविष्य में अम्बिकापुर में मुख्यमंत्री के आगमन पर कांग्रेस आमजनों के साथ विरोध प्रदर्शन करेगी।


अन्य पोस्ट