सूरजपुर

प्रतापपुर में यातायात सुधार को लेकर पुलिस की पहल, हेलमेट और नियम पालन पर जोर
03-May-2026 10:29 PM
प्रतापपुर में यातायात सुधार को लेकर पुलिस की पहल, हेलमेट और नियम पालन पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 3  मई।
शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें स्थानीय पत्रकारों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता रही।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने बताया कि सडक़ दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लापरवाही न केवल स्वयं के लिए, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी खतरा बनती है।
उन्होंने जानकारी दी कि शहर के प्रमुख स्थानों—कॉलेज चौक एवं शराब दुकान के समीप—विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। इन क्षेत्रों में अक्सर नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले सामने आते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद पत्रकारों एवं वरिष्ठ नागरिकों से यातायात व्यवस्था को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए गए। इस दौरान कई स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं डिवाइडर लगाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर लोक निर्माण विभाग  को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक स्थानों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
इस अवसर पर कृष्ण मुरारी शुक्ला, धीरज गुप्ता, राजेश गुप्ता, राकेश मित्तल, मनीष गुप्ता, जिशान खान, अनूप विश्वास, सोनू कश्यप, महबूला खान, दीपक मित्तल, एएसआई बजरंगी चौहान एवं हरिशंकर तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहे।
पुलिस की इस पहल को शहर में सडक़ सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।—


अन्य पोस्ट