सूरजपुर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सूरजपुर बना प्रदेश का अग्रणी जिला
22-Apr-2026 6:09 PM
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सूरजपुर बना प्रदेश का अग्रणी जिला

सूरजपुर, 22 अप्रैल। छत्तीसगढ़ का सूरजपुर जिला प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-26 में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह सफलता जिला कलेक्टर  एस. जयवर्धन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन एवं सतत मॉनिटरिंग और टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
जिले में योजना के तहत कुल 72,368 पात्र परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से अब तक 63,947 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। यह 88.36 प्रतिशत की प्रभावशाली उपलब्धि को दर्शाता है, जो न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

वित्तीय प्रबंधन के मामले में भी सूरजपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। आवास निर्माण के लिए निर्धारित 868.42 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 809.23 करोड़ रुपये (93.18 प्रतिशत) की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और निर्माण कार्य में तेजी आई है।
इसके साथ ही, आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत जिले में 1.40 लाख से अधिक परिवारों का नया सर्वे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है, जिससे भविष्य में और अधिक जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
जिला प्रशासन की सक्रियता, जमीनी स्तर पर सतत निगरानी और हितग्राहियों की भागीदारी ने इस योजना को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया है। आज सूरजपुर के हजारों परिवार अपने पक्के घर के सपने को साकार होते देख रहे हैं।


अन्य पोस्ट