सूरजपुर

भद्रा के कारण चार को खेली जाएगी होली, तीन को चंद्रग्रहण
02-Mar-2026 6:43 PM
भद्रा के कारण चार को खेली जाएगी होली, तीन को चंद्रग्रहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 मार्च।
होली पर्व से ठीक पहले लगने वाले चंद्रग्रहण और भद्रा के कारण इस वर्ष त्योहार की तिथियों को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के आचार्य पंडित बाल किशुन गर्ग महराज ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की है।

आचार्य श्री गर्ग के अनुसार इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च की रात्रि 2 बजे से 4 बजे भोर के बीच करना श्रेष्ठ रहेगा। वहीं 3 मार्च मंगलवार को सायं 6 बजे से 6.47 बजे तक खंडग्रास चंद्रग्रहण रहेगा। चंद्रग्रहण का सूतक काल 3 मार्च को प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होकर सायं 6.47 बजे ग्रहण मोक्ष तक प्रभावी रहेगा।

उन्होंने बताया कि संवत 2082 फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा को ग्रस्तोदित खंडग्रास चंद्रग्रहण लगेगा। धर्मशास्त्र के अनुसार 3 मार्च को चंद्रोदय सायं 5 बजकर 59 मिनट पर होगा तथा 6 बजकर 47 मिनट पर ग्रहण का मोक्ष होगा। इस दौरान पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र एवं सिंह राशि का संयोग रहेगा।
धर्मशास्त्रों के अनुसार ग्रहण काल में भोजन और जलपान निषेध माना गया है, हालांकि यह नियम बालक, वृद्ध एवं रोगियों पर लागू नहीं होता। ग्रहण के समय प्रभु स्मरण, जप-तप, दान, श्राद्ध एवं धार्मिक कृत्य करना शुभ माना गया है। आचार्य ने बताया कि ग्रहण काल में किया गया मंत्र-जप करोड़ों गुना फलदायी होता है।
आचार्य श्री गर्ग ने बताया कि 3 मार्च को प्रात: 5:18 बजे से सायं 4:56 बजे तक भद्रा का प्रभाव रहेगा। भद्रा के कारण 3 मार्च को होली खेलना शुभ नहीं माना जाएगा। इसलिए रंगोत्सव 4 मार्च को मनाना उचित रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि भद्रा समाप्ति के बाद 4.56 बजे के पश्चात भी होलिका दहन किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट