सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर/ बिश्रामपुर, 2 मार्च। बिश्रामपुर बस स्टैंड स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स में श्रीराम मोबाइल में दो दिन पूर्व हुए सेंधमारी कर नए पुराने लगभग अठाईस तीस मोबाइल चोरी मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने दुकान संचालक अमित कुमार सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4),305(ए )का केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
घटना शुक्रवार की मध्यरात्रि की बताई गई है जिसमें दुकान के पिछले हिस्से में अज्ञात आरोपी ने सेंध मारी की घटना को अंजाम दे दुकान के भीतर रखे पौने तीन लाख कीमत के नए पुराने मोबाइल सेट को पार कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार प्रात: लगी जब दुकान संचालक अमित कुमार सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो पाया कि दुकान के पिछले हिस्से में सेंध मार चोरों ने बड़ी संख्या में नए पुराने मोबाइल चोरी कर लिया है।
बता दें कि दुकान का पिछला हिस्सा एसईसीएल कॉलोनी के क्वार्टर से लगा है। क्वार्टर का पिछला हिस्सा होने सुनसान होने के कारण उधर चहल पहल नहीं होने से रात्रि में चोरों को आसानी होती है। अभी कुछ दिनों पहले इसी दुकान के समीप ज्वेलरी शॉप में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेजों की जांच कर घटना में शामिल चोरों के धरपकड़ में जुटी है।


