सूरजपुर

धान खरीदी अनियमितताओं की जांच, धान व अन्य सामग्री जब्त
28-Dec-2025 10:46 PM
धान खरीदी अनियमितताओं की जांच, धान व अन्य सामग्री जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 28 दिसंबर।
प्रतापपुर क्षेत्र में धान खरीदी से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद प्रशासन द्वारा जांच की कार्रवाई की गई है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर एसडीएम ललिता भगत के नेतृत्व में गठित दल ने सहकारी समिति रेंवटी क्षेत्र में जांच की।
जांच के दौरान ग्राम पंचायत चांचीडांड-2 निवासी व्यापारी घनश्याम गुप्ता के निवास स्थान पर लगभग 1000 बोरी धान पाया गया। संबंधित व्यक्ति द्वारा किसानों से धान खरीदे जाने की बात कही गई, हालांकि समर्थन मूल्य, पंजीकरण, परिवहन और भुगतान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रशासनिक टीम द्वारा धान को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार धान को समिति में विक्रय किए जाने की तैयारी की जा रही थी।

तलाशी के दौरान मौके से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का 6 बोरी चावल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए निर्धारित ‘रेडी टू ईट’ पोषण आहार की 28 बोरियां भी मिलीं। रेडी टू ईट सामग्री को संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन सामग्रियों की आपूर्ति और भंडारण से जुड़े बिंदुओं की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में नायब तहसीलदार मुकेश दास के नेतृत्व में सहकारी समिति टुकुडांड क्षेत्र में की गई जांच में 368 बोरी पुराना एवं अमानक धान पाया गया। प्रशासन को आशंका है कि उक्त धान को किसानों के नाम पर दर्ज करने का प्रयास किया जा सकता था। जांच के दौरान वजन कांटों में अनियमितता की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।
कार्रवाई के समय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी, भंडारण और वितरण से जुड़ी सभी शिकायतों की जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट