राजनांदगांव

भूपेश सरकार के ढाई साल पर वार्डों में भाजपाईयों का सवाल
16-Jun-2021 2:02 PM
भूपेश सरकार के ढाई साल पर वार्डों में भाजपाईयों का सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जून।
कांग्रेस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पूरे होने पर विपक्षी दल भाजपा प्रांतव्यापी अभियान के तहत वार्डो में जनता से सवाल कर रही है। भाजपा लगातार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल को लेकर आक्रामक रूख में धरना-प्रदर्शन के साथ अलग-अलग स्तर पर विरोध कर रही है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रदेश सरकार का गुजरा ढाई साल बेहद ही खराब रहा है। 

भाजपा का दावा है कि 15 साल के शासन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को विकास के शिखर पर स्थापित किया था। कांग्रेस के सत्तासीन होने के बाद से राज्य में विकास की रफ्तार थम गई है। बुधवार को भाजपा के पूर्व पार्षद देवशरण सेन के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने बसंतपुर में जनता से सवाल करने के अभियान के तहत कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर किया। 

श्री सेन का कहना है कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है। यही कारण है कि सरकारी योजनाएं फिसड्डी साबित हुई है। इससे पहले वार्ड भ्रमण के दौरान भूपेश सरकार के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा वार्ड से लेकर जिला स्तर पर लगातार विरोध कर रही है। जनता से मिले जवाब के आधार पर भाजपा नेताओं का दावा है कि भूपेश सरकार के कार्यशैली से जनता त्रस्त हो गई है। अगले ढाई साल के बाद कांग्र्रेस सरकार की रवानगी तय है। अभियान में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद खेमिन यादव, पूर्व पार्षद शेखर यादव, राजेश यादव समेत अन्य उपस्थित थे।

रोजगार को लेकर भाजयुमो का धरना
प्रदेश कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेराजगारी समस्या बढऩे को लेकर भाजयुमो ने सरकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर ने स्थानीय तहसील कार्यालय में जिला रोजगार एवं स्व रोजगार मार्गदर्शन केंद्र के सामने युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते कहा कि सत्ता में आने के लिए कांग्रेस ने कई लोक लुभावने वादे किए। सरकार ने बेरोजगारों को भत्ता और नौकरी देने का सब्जबाग दिखाया। आज पर्यन्त प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार जीवन यापन के लिए संर्घष कर रहे है। 

श्री बहादुर ने कहा कि चुनाव पूर्व घोषणा पत्र में कांग्रेस ने 2500 रूपए बेरोजगारी भत्ता देने के अलावा शराबबंदी समेत अन्य वादे किए गए। श्री बहादुर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ढाई साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा बधाई देने की आलोचना करते कहा कि प्रदेश की स्थिति कैसी इस बात से सभी भलीभांति परिचित है। भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि वादों को पूरा नहीं करने पर प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु,  पार्षद गगन आईच, सुमीत भाटिया, गोलू सूर्यवंशी, गोलू गुप्ता, प्रखर श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।


अन्य पोस्ट