राजनांदगांव

मोदी सरकार के 7 साल के कार्यकाल पर नांदगांव शहर कांग्रेस की प्रेसवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जून। केंद्र में सत्तारूढ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 7 वर्ष पूर्ण होने पर तीखी आलोचना करते कांग्रेस नेताओं कहा कि गुजरे इन सालों में वैश्विक मंच पर भारत हाशिये पर खड़ा है। भारत का हर पड़ोसी उसे आंखे दिखा रहा है। यहां तक नेपाल भी अब भारत को ठेंगा दिखाना शुरू कर दिया है।
बुधवार को मोदी के 7 वर्षीय कार्यकाल में उपलब्धियों के खिलाफ आयोजित पत्रकारवार्ता में संगठन प्रभारी अरूण सिसोदिया, शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, महापौर हेमा देशमुख समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की खामियों को गिनाते आरोप लगाया कि भारत हर वैश्विक इंडेक्स में लुढक़ता जा रहा है। सच यह है कि आर्थिक मोर्चे पर पड़ोसी देश बांग्लादेश भारत से बेहतर स्थिति में है। ग्लोबल हंगर इंडक्स यानी भूखमरी में भारत लगातार पिछड़ता जा रहा है। 2016 में 97 स्थान से 2019 में 102 स्थान पर पहुंच गया है। दुनियाभर के देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं आंकड़े जारी करती है। इन आंकड़ों में देखे तो देश के लोगों की हैसियत आर्थिक रूप से कमजोर हुई है।
श्री छाबड़ा ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था का बंटाधार कर दिया। मोदी सरकार सिर्फ वाहवाही लूटने में लगी हुई है। देश के गृहमंत्री अमित शाह आज तक यह बताने की स्थिति में नहीं है कि पुलवामा हमले के बाद उन्होंने सर्जिकल स्ट्राईक कैसे की थी। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को निशाने में रखते कहा कि दोनों राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को खत्म करने के लिए आईटी, सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं का जमकर दुरूपयोग कर रहे हैं। श्री छाबड़ा ने कहा कि दोनों नेताओं की दहशत के चलते भाजपा के भीतर ही लोकतंत्र खत्म हो गया है। दोनों तक ही भाजपा सीमित रह गई है।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को झूठ का पुलिंदा करार देते कहा कि देश की अर्थव्यवस्था जहां पटरी से उतर गई है। वहीं बेरोजगारी पूरे चरम पर है। पत्रकारवार्ता में निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता, शशिकांत अवस्थी, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, फिरोज अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।