राजनांदगांव

सहकर्मी संग रेप के आरोप में छुईखदान का विद्युत अफसर गिरफ्तार
25-May-2021 3:47 PM
सहकर्मी संग रेप के आरोप में छुईखदान का विद्युत अफसर गिरफ्तार

एसपी से पीडि़ता ने की थी शिकायत, जांच के बाद कार्रवाई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मई।
जिले के छुईखदान विद्युत सब डिवीजन के एक असिस्टेंड इंजीनियर पर एक मातहत एक महिला सहकर्मी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस संगीन आरोप के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत के पश्चात प्रथम दृष्टया सहायक अभियंता   पर लगे आरोपों को जांच के बाद सही पाते उसे गिरफ्तार कर लिया है। छुईखदान पुलिस का कहना है कि विद्युत मंडल में आरोपी के अधीन कार्यरत एक महिला ने अपने साथ हुए अनाचार की शिकायत की थी। 

मिली जानकारी के मुताबिक छुईखदान विद्युत सब डिवीजन में करीब दो साल पहले सहायक इंजीनियर कुबेर सिंह मरकाम की पदस्थापना हुई थी। बताया जाता है कि उनके मातहत एक महिला कर्मचारी  कार्यरत थी। कुछ दिनों पहले पीडि़ता ने राजनांदगांव एसपी डी. श्रवण से अपने साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत करते जांच की मांग की थी। एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खैरागढ़ एसडीओपी जीसी पति को जांच अधिकारी नियुक्त किया। 

बताया जाता है कि एसडीओपी ने आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया। प्रारंभिक दृष्टि में ही मामला आरोपी के खिलाफ  जाते देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया। बताया जा रहा है कि पीडि़ता ने अपनी शिकायत में जबर्दस्ती दुष्कर्म करने के अलावा जान से मारने और  अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने करीब आधा दर्जन धाराओं के तहत असिस्टेंड इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। 

घटना के संबंध में एसडीओपी श्री पति ने 'छत्तीसगढ़'  को बताया कि शिकायत के आधार पर सहायक इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। अदालत के आदेश के बाद उसे जेल भेजा गया है। इधर असिस्टेंड इंजीनियर द्वारा किए गए इस कृत्य से विद्युत विभाग के आला अफसर सख्ते में है। 

मुख्य अभियंता टीके मेश्राम ने 'छत्तीसगढ़'  को बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इस संबंध में पतासाजी की जा रही है। इस बीच दुष्कर्म के आरोपी इंजीनियर के बर्ताव को शासकीय सेवा अधिनियम के विपरीत माना गया है। समझा जाता है कि अगले एक-दो दिन में विद्युत विभाग आरोपी को निलंबित कर सकता है।


अन्य पोस्ट