राजनांदगांव

बंगाल हिंसा के विरोध में घरों के चौखट में भाजपा का प्रदर्शन
05-May-2021 3:27 PM
बंगाल हिंसा के विरोध में घरों के चौखट में भाजपा का प्रदर्शन

भाजपाईयों पर हो रहे हमले की निंदा करते हिंसा रोकने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई।
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद से हो रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में राष्ट्रव्यापी धरना के तहत स्थानीय भाजपा नेताओं ने बुधवार को घरों के चौखट से विरोध जताते प्रदर्शन किया। 

भाजपा नेताओं का आरोप है कि बदले की भावना के तहत तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है । चुनावी नतीजे आने के बाद से सिलसिलेवार हमले हुए हैं। जिसमें महिलाओं और युवा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। 

बताया जा रहा है कि भाजपा ने आज समूचे देश में हिंसा के खिलाफ घरों के बाहर धरना प्रदर्शन देने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में राजनांदगांव में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विरोध किया। कोरोना संकट के चलते पार्टी द्वारा घरों से ही धरना देने का निर्देश दिया गया था। इस पूरे हिंसा को लेकर भाजपा बेहद आक्रोशित है।

बताया जा रहा है कि बंगाल में उपद्रव नहीं थमने पर भाजपा द्वारा चरणबद्ध तरीके से विरोध किया जाएगा। आज भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने भाजपा कार्यालय में प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, लीलाराम भोजवानी, अशोक शर्मा, सुरेश एच. लाल, संतोष अग्रवाल, सुरेश डुलानी, सचिन बघेल, गीता साहू, विक्रांत सिंह, रजिंदरपाल सिंह भाटिया, कोमल जंघेल, नीलू शर्मा, पवन मेश्राम, अमर ललवानी, तरूण लहरवानी, भावेश बैद, आलोक श्रोती समेत सभी मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री एवं अन्य भाजपा नेताओं ने अपने-अपने घरों के सामने प्रदर्शन किया। 


अन्य पोस्ट