राजनांदगांव

निगम जल्द खरीदेगी स्वर्ग रथ
25-Feb-2021 5:20 PM
निगम जल्द खरीदेगी स्वर्ग रथ

दो शव फ्रीजर की हुई खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी।
शव को सुरक्षित रखने के लिए नगर निगम द्वारा दो नग शव फ्रीजर क्रय किया गया है। बुधवार को महापौर हेमा देशमुख की उपस्थिति में आम नागरिकों को नि:शुल्क उपलब्ध कराने टांकाघर परिसर में सुरक्षित रखा गया है। 

शव फ्रीजर को लेकर महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए शव फ्रीजर एवं स्वर्ग रथ उपलब्ध कराने वर्ष 2020-21 के बजट में क्रय करने का प्रावधान रखा गया था। जिसके तहत नगर निगम द्वारा 2 नग शव फ्रीजर क्रय किया गया, जिसे आज विधिवत नागरिकों को नि:शुल्क उपलब्ध कराने टांकाघर परिसर में रखा गया है। स्वर्ग रथ क्रय करने की प्रक्रिया की जा रही है, जिसे भी अतिशीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर में सामाजिक संस्था बढते कदम द्वारा एक नग शव फ्रीजर एवं स्वर्ग रथ सामान्य दर पर उपलब्ध कराया जाता है। एक नग होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे ध्यान में रखते बजट में प्रावधान कर आम जनता के लिए आज से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोग टांकाघर परिसर के मोटर प्रतिपालन विभाग में आकर संपर्क कर सकते हैं। 

इस अवसर पर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक सहित नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, विनय झा, गणेश पवार, सुनीता फडऩवीस, प्रभात गुप्ता, दीपक जोशी, अतुल चोपडा, सुरेन्द्र साव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट