राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 नवंबर। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत कल 15 नवंबर से की जाएगी। धान खरीदी के लिए 15 जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिले में किसानों की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते 16 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपने नजदीकी केंद्रों में धान का विक्रय कर सकें।
धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। किसान शुरुआती दिनों से ही टोकन प्राप्त करने आगे आ रहे हैं। धान खरीदी के पहले दिन ही जिले के 71 किसानों को कुल 2867 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किया गया है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है।