राजनांदगांव
डोंगरगढ़ क्षेत्र के भूरवाटोला का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर। डोंगरगढ़ क्षेत्र के भूरवाटोला स्थित बिनोखा तालाब में गुरुवार को दो बच्चों के पानी में डूबने से मौत होने का मामला सामने आया। बताया गया कि दोनों मासूम बच्चों की उम्र लगभग 12 और 7 वर्ष था।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोनों बच्चे दोपहर करीब 12 बजे तालाब में नहाने के लिए गए थे। इनमें एक बच्चा 12 वर्ष का था जो कक्षा 6वीं और दूसरा 7 वर्षीय बालक कक्षा पहली का छात्र थ। दोनों बच्चे डोंगरगढ़ में ही पढ़ाई करते थे। दोपहर करीब 2 बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों को तालाब में एक बच्चे का शव पानी में दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरे बच्चे की भी खोजबीन शुरू की, तो उसका शव भी तालाब में मिला। दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।