राजनांदगांव
जीआरपी, आरपीएफ व पुलिस टीम रही सक्रिय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर। कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन के गुुरुवार को राजनांदगांव से गुजरने के दौरान ट्रेन में बम होने की सूचना पर अफरा-तफरी मच गई। एक यात्री द्वारा ट्रेन के इंजन में बम होने की जानकारी दिए जाने के बाद रेल्वे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल अलर्ट होकर जांच शुरू कर दी। बताया गया कि ट्रेन के लोको पायलट को एक व्यक्ति ने दोपहर को बम होने की जानकारी दी। जिसके बाद राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में करीब डेढ़ घंटे तक बम निरोधक एवं जांच टीम द्वारा ट्रेन की जांच की गई। जांच में कोई बम नहीं मिलने की पुष्टि होने के बाद ट्रेन को आगे गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को अपने तय समय के अनुसार वैनगंगा सुपरफास्ट ट्रेन रूट से जा रही थी। इसी दौरान राजनांदगांव स्टेशन में ट्रेन के रूकने के बाद ट्रेन में ही सफर कर रहे एक यात्री द्वारा बम होने की सूचना दी गई। बताया गया कि बम होने की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान की गई। उसके पास कोई पहचान पत्र, यात्रा टिकट और मोबाइल नंबर नहीं मिला। बम की सूचना मिलते ही रेल्वे सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक एवं जांच दस्ते की टीम सक्रिय हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वाड को भी तैनात किया गया।
राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में ट्रेन को रोककर इंजन की सघन जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान किसी प्रकार का बम, विस्फोटक सामग्री व अन्य संदिग्ध वस्तुत नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को दोपहर लगभग 3.57 बजे सुरक्षित आगे गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इधर ट्रेन में बम होने की सूचना के बाद यात्रियों में हडक़ंप की स्थिति बनी रही। हालांकि बम नहीं मिलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।