राजनांदगांव
15 की शाम डूबते और 16 की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 नवंबर। सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की छटा शहर में भी बिखरेगी। शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ पर्व का आगाज होगा। उत्तर भारतीय समाज के लिए विशेष महत्व रखने वाले इस पर्व को लेकर शहर में भी उत्साह का माहौल है। चिखली, ममता नगर सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय परिवार रहते हैं, जिसके चलते यहां छठ पर्व पर विशेष रौनक रहती है।
छठ पर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। व्रती जलाशयों में उतरकर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। शहर के मोती तालाब और चिखली तालाब में पर्व को देखते हुए साफ-सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शहर में बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत रखकर सूर्य को अघ्र्य देंगी।
पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती महिलाएं स्नान के बाद शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण करेंगी। इसके अगले दिन, 14 नवंबर को खरना की रस्म होगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगी। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा और चार दिवसीय पर्व का समापन होगा।
छठ पूजा के लिए शहर के तालाबों के घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था की जा रही है। महापौर मधुसूदन यादव ने भी बीते दिनों सफाई व्यवस्था का जायजा लिया था। पर्व को लेकर बाजारों में भी हलचल बढ़ गई है। शहर से बाहर रहने वाले उत्तर भारतीय परिवारों के सदस्य छठ मनाने के लिए वापस लौट रहे हैं। समाज के लोग घाटों की सफाई और पूजा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
पर्व के दौरान तालाबों के घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतियों और उनके परिजनों की मौजूदगी रहेगी। पारंपरिक पूजा-अर्चना और लोगों की आवाजाही के चलते चारों दिन घाटों पर मेले जैसा माहौल रहने की उम्मीद है।
