राजनांदगांव
10 लाख कर्ज पर रची चोरी की साजिश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। ऑनलाइन गेमिंग की लत में 10 लाख रुपए का कर्ज होने पर चोरी की साजिश रचकर सूने मकान से लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया। वहीं चोरी के जेवरात व अन्य संपत्ति को भी बरामदगी की गई।
पुलिस के अनुसार डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम ठाकुरटोला निवासी प्रार्थी दीपक वर्मा ने पुलिस चौकी मोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 25 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ खेती-किसानी के कार्य से खेत गया था। दोपहर करीब 1 बजे वापस घर आने पर देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
रिपोर्ट पर पुलिस चौकी मोहारा में धारा 331, 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान ग्राम ठाकुरटोला निवासी आरोपी सुरेन्द्र साहू एवं गणेश्वर नेताम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण करीब 10 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
योजना के अनुसार करीब तीन माह पूर्व दोनों ने ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा के घर की रेकी की। वारदात के दिन सुबह करीब 4 बजे दोनों घर के पास पहुंचे। गणेश्वर नेताम घर के पास खड़े ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढक़र छिप गया। जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी करता रहा।
सुबह करीब 9 बजे जब घर के सभी सदस्य खेत की ओर चले गए, तब सुरेन्द्र साहू द्वारा मोबाइल से सूचना देने पर गणेश्वर नेताम छत से नीचे उतरा तथा लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गोदरेज आलमारी को भी क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे सोने का नेकलेस, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी का करधन एवं एक जोड़ी पैरपट्टी चोरी कर ली। वारदात के बाद गणेश्वर पीछे की बाड़ी की ओर से बाहर निकला, जहां सुरेन्द्र साहू अपनी कार लेकर पहुंचा था। दोनों चोरी के जेवरात लेकर रायपुर चले गए तथा इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में साथ रहने लगे। आरोपियों ने चोरी के जेवरात बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर कुछ जेवरात किराये के मकान में छिपाकर रख दिए।
रायपुर में भी की थी चोरी
आरोपी सुरेन्द्र साहू ने अपने मेमोरण्डम कथन में चोरी के जेवरात के अतिरिक्त ग्राम के परिचित हेमंत साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के मकान से घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स एवं एक जोड़ी झुमका चोरी कर मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रखना भी स्वीकार किया है।
दोनों आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस द्वारा ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के सोने-चांदी के जेवरात कीमती 8 लाख 50 हजार रुपए, घटना में प्रयुक्त कार कीमती 5 लाख रुपए तथा रायपुर के अरिहंत नगर स्थित मकान से चोरी किए गए सोने के जेवरात कीमती 2 लाख रुपए इस प्रकार कुल 15 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर जांच की जा रही है।