राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 नवंबर। दीपावली से पहले खैरागढ़ जिले में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाकर तीन थाना क्षेत्रों में 16 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश और कुल 5,810 रुपये नगद जब्त किए गए। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ थाना क्षेत्र में 3 नवंबर की रात सर्रागोंदी खार के पास मोमबत्ती की रोशनी में जुआ खेल रहे आयुष साहू, संदीप वर्मा और पोमेन्द्र साहू को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 1,400 रुपये जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 396/2026 दर्ज कर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।
इसी तरह गंडई पुलिस ने 4 नवंबर की रात ग्राम ढार स्कूल के पास जुआ खेल रहे गुलशन धुरवे, खिलेश्वर जंघेल और राहुल यादव को पकड़ा। उनके पास से 800 रुपये और ताशपत्ती जब्त की गई। वहीं 5 नवंबर को नवापारा गंडई स्थित सुलभ शौचालय के पास जुआ खेलते कैलाश महिलांगे, बालकिशन कुर्रे और परदेशी बारले पकड़े गए। इनके कब्जे से 1,100 रुपये जब्त किए गए।
उधर, जालबांधा पुलिस ने 4 नवंबर की रात ग्राम शेरगढ़ में स्कूल के सामने गौठान के पास दबिश देकर जीवन निषाद, नागेश्वर गिरी, जीवन साहू, योगेन्द्र साहू, सूरज साहू, कौशल गिरी और विजय वर्मा को जुआ खेलते पकड़ा। आरोपियों के पास से 2,510 रुपये और ताशपत्ती जब्त की गई। सभी मामलों में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया।