राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि पर महामाया मंदिर समेत अन्य देवालयों में सोमवार को अष्टमी का हवन प्रात: शुरू होने के बाद 10:50 बजे पर नवमी में पूर्णाहुति की गई । अनेक जगह हवन उपरांत कन्या भोज,भंडारा भी आयोजित किए गए । इसके बाद विजयादशमी 20 अक्टूबर मंगलवार को मनाया जाएगा। रात्रि में मंदिरों में गुप्त रूप से विसर्जित होने वाले ज्योत जवारा का विसर्जन हवन पश्चात सोमवार को रात्रि किया जाएगा। पं विजय झा ने कहा है कि हवन में उपयोग में आने वाली चांवल,शुद्ध घी, धूप, दशान, कपूर आदि वायु मंडल को शुद्ध करते हैं। हवन का सांकल सीधे अग्नि में डाला जाना चाहिए बाहर गिरने वाले सांकला को अग्नि में नहीं डालना चाहिए। सांकला हवन में डालने से देवी देवताओं को भोजन प्राप्त होता है। बाहर गिरने वाले सांखला भगवान को नहीं बल्कि राक्षसों को प्राप्त होते हैं। हवन में कभी भी पूर्ण नारियल नहीं डाला जाना चाहिए। एक नारियल हवन में डालने से एक लाख लोगों को भोजन करना होता है, जो संभव नहीं है। मंदिरों में एक सूखा नारियल या लौंग इलाइची पूर्णाहुति में डालते हैं उसके बदले भंडारा किया जाता है। श्री झा ने कहा है सामान्यत: देखा गया है कि हवन में नारियल बूच सहित सैंधा नारियल व उसके साथ सुहाग की सामग्री भी डाल दी जाती है जो अशुभ का परिचायक है। पं झा ने बताया है कि सतबहनियां माता मंदिर में 109 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित किए गए हैं, जिसमें 107 मनोकामना ज्योति, एक राज ज्योति, एक भैरव ज्योति मिलाकर 109 ज्योत है।
ज्योति की व्यवस्था विद्युत सजावट, शर््ंगार, प्रसाद वितरण आदि की व्यवस्था पं उमेश पांडे, अनिल यादव, मनोहर लाल यादव, लक्ष्मीकांत यादव अजीत यादव, शेखर पंसारी वीरेंद्र यादव आदि के द्वारा किया जा रहा है। माता जी का आकर्षक श्रृंगार व पंचमी के दिन पचरंग श्रृंगार अनिल यादव द्वारा किया गया ।