राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर। रॉयल किड्स कान्वेंट में आयोजित एक प्रेरक सत्र में संस्थान के पूर्व छात्र सौरभ झा ने वर्तमान विद्यार्थियों को अपने अनुभव और प्रेरणादायक बातें साझा की। सौरभ ने अपने जीवन-सफर के बारे में बताते कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आते हैं और पढ़ाई में विशेष रूप से बेहतरीन विद्यार्थी नहीं थे, फिर भी स्कूल में मिले मार्गदर्शन ने उनके लिए नए अवसर खोले।
सौरभ झा ने विशेष रूप से रॉयल किड्स के संस्थापक जेबी सिंह, लालशंकर बहादुर सिंह और अशोक चौधरी का आभार व्यक्त किया। जिनकी प्रेरणा और समर्थन को उन्होंने अपना ‘बड़े भाई’ होने का संबल बताया। उन्होंने कहा कि रॉयल किड्स में प्राप्त शिक्षा और मार्गदर्शन ने उन्हें शंकराचार्य कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग पूरी करने और इसके बाद हैदराबाद से पोस्ट ग्रेजुएशन करने में मदद की। इसके बाद नौकरी के जरिये उनका करियर आगे बढ़ा और आज वे एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। उन्हें कंपनी की ओर से 5 वर्षों के लिए अमेरिका, न्यू जर्सी में पोस्टिंग मिली है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने रखने और सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दूसरों के अच्छे गुणों को अपनाना चाहिए और खराब आदतों को नजरअंदाज कर देना चाहिए। अंग्रेजी बोलने का दिखावा छोडक़र आत्मविश्वास रखें / यदि किसी ने आईआईटी करके कुछ हासिल किया है तो इसका मतलब यह नहीं कि आप नहीं कर सकते, सही सोच आपको आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि उनके अन्य कई सहपाठी और भाई- बहन अमित झा, आशुतोष झा, जो पहले से यूएसए में हैं तथा सुमित झा हैदराबाद में उद्यमी भी रॉयल किड्स से पढ़े हुए हैं और सामान्य आर्थिक परिस्थितियों से आने के बावजूद शानदार सफलता हासिल की है।
सौरभ ने अपने स्कूल के कुछ शिक्षकों का विशेष उल्लेख करते अभिषेक खंडेलवाल जो वर्तमान में स्कूल के प्राचार्य हैं, मौली मेम, सरिता सिंह मेम और ममता मिश्रा का आभार व्यक्त किया। रॉयल किड्स संस्था के उपाध्यक्ष अशोक चौधरी ने भी सौरभ को आशीर्वाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस प्रेरक सत्र ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति दृढ़ता जगाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की अच्छी संख्या उपस्थित रही। अध्यक्ष डॉ. सविता जेबी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, निदेशक सह प्रशासक संजय बहादुर सिंह, सावंत बहादुर सिंह, बरसर डॉ. आईके वैष्णव ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा शुभकामनाएं ज्ञापित की है।