राजनांदगांव

210 करोड़ की पेयजल योजना के बावजूद कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं
14-Oct-2026 8:30 PM
210 करोड़ की पेयजल योजना के बावजूद कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 अक्टूबर। शहर में लगभग 210 करोड़ रुपए की लागत से अमृत मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति योजना पूरी होने के बावजूद अनेक वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने का मामला अब तूल पकडऩे लगा है। इस मुद्दे को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से योजना की स्वीकृत राशि, वास्तविक व्यय, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी निरीक्षण और जल वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

श्री पिल्ले ने कहा कि अमृत मिशन का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक घर तक नियमित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना था। इसके लिए केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत लगभग 210 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई और कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद शहर के कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जब योजना पर इतनी बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि आखिर किन कारणों से नागरिकों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। योजना के क्रियान्वयन, निर्माण की गुणवत्ता, पाइप लाइन बिछाने, पंपिंग स्टेशन, पानी की टंकियों और वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली की जांच जरूरी है। कांग्रेस ने इस मामले में प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

अमृत मिशन में कथित अनियमितताओं और शहर में पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तकरार बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस पार्षद दल ने विगत दिवस नगर निगम की सामान्य सभा का बहिष्कार किया था और वहीं सदन में महापौर द्वारा सामान्य सभा में कहा गया था कि मां का दूध पियो तो जांच करवा लो। इसके बाद मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद और नेता कलेक्टोरेट पहुंचे तथा कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिन वार्डों में पानी की समस्या है वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। जरूरत पडऩे पर वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। यदि जांच में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी, वित्तीय अनियमितता या अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट