राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर। डोंगरगढ़ स्थित क्षीरपानी सरोवर में रविवार दोपहर को एक श्रद्धालु के पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक क्षीरपानी सरोवर में पैर फिसलने की वजह से यह घटना हुई है।
मृतक महाराष्ट्र के नागपुर शहर का रहने वाला था। दोस्तों के संग वह देवी दर्शन के लिए पहुंचा था। हादसे की खबर परिजनों को दे दी गई है।
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि युवक फिसलने से गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। मामले की जांच चल रही है।
महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाला 18 वर्षीय शशांक शांडेल नवरात्र के पहले दिन डोंगरगढ़ में देवी दर्शन के लिए पहुंचा था। वह क्षीरपानी परिसर में नहाने के इरादे से उतरा। इस बीच पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। इस वजह से कुछ मिनटों में ही उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त उचित समय पर मेडिकल सहायता नहीं मिलने को लेकर मृतक के दोस्तों ने सवाल खड़ा किया। किसी तरह उसे पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच क्षीरपानी परिसर में इस हादसे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। श्रद्धालुओं की जानमाल की सुरक्षा को लेकर इस हादसे को एक बड़ी चूक के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस के अलावा मंदिर ट्रस्ट की सुरक्षा संबंधी व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि युवक की खोज के लिए एसडीआरएफ के जवानों ने मशक्कत की। गोताखोरों ने ही युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।