राजनांदगांव

दर्शनार्थियों को परेशान करने वाले 3 के विरूद्ध कार्रवाई
11-Oct-2026 7:49 PM
दर्शनार्थियों को परेशान करने वाले 3 के विरूद्ध कार्रवाई

राजनांदगांव, 11 अक्टूबर। मोटर साइकिल से तेज रफ्तार में हार्न बजाकर मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों को परेशान करने वाले 3 लोगों के विरूद्ध पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। समझाइश देने पर विवाद करने एवं मारपीट पर उतारू होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। अनावेदकों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़  थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल एवं रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। 10 अक्टूबर को क्वांर नवरात्रि के दौरान मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही थी।

इसी दौरान अनावेदक नुकेश यादव 22 वर्ष, आकाश ठाकुर 19 वर्ष एवं हरपीत पटेल (सभी डोंगरगांव क्षेत्र) एक साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते तथा तेज हॉर्न बजाकर मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे। श्रद्धालुओं द्वारा मना करने पर तीनों अनावेदक वाद-विवाद करने लगे। मंदिर परिसर में मौजूद पुलिस स्टाफ एवं अन्य लोगों द्वारा उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया गया, लेकिन वे आक्रोशित होकर मारपीट करने पर उतारू हो गए। इससे मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। उक्त कृत्य को देखते डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा तीनों अनावेदकों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट