राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर। स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में आयोजित जिला स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों और कल्पनाओं में विकसित भारत की मजबूत नींव दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्ष 2014 के भारत, वर्तमान भारत और वर्ष 2047 के विकसित भारत की कल्पना को चित्र, पेंटिंग और निबंध के जरिए अभिव्यक्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, स्थानीय कला-कौशल और उत्पादों को बढ़ावा देने तथा नशामुक्ति और स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रभारी मंत्री ने विद्यालय के ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य, बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय तथा पांच अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने पेण्ड्री, मोहारा, शंकरपुर सहित अन्य विद्यालयों के विकास कार्यों के लिए भी राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में सभी विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों की चित्र एवं पोस्टर प्रदर्शनी तथा भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रभारी मंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रोत्साहन और उचित मंच से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शिक्षा, कौशल, परिश्रम और राष्ट्रहित की भावना के साथ विद्यार्थी देश को विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।