राजनांदगांव

नादगांव में मूर्तिकार दे रहे गणेश प्रतिमाओं को आकार
25-Aug-2026 4:24 PM
नादगांव में मूर्तिकार दे रहे गणेश प्रतिमाओं को आकार

मिट्टी से बनी मूर्तियां तैयार कर रहे कलाकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 अगस्त। राजनांदगांव शहर की ख्याति प्राप्त गणेश पर्व की तैयारी के पहले चरण में मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हुए हैं। अगले महीने सितंबर में 11 दिन के पारंपरिक गणेश पर्व को मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर में अलग-अलग समितियों ने पदाधिकारियों का चयन भी कर लिया है। शहर के सालों पुराने गणेश समितियों ने मूर्तियों की बुकिंग भी कर ली है। वहीं झांकियों की खरीदी-बिक्री का भी सिलसिला भी शुरू हो गया है। स्थल सजावट के लिए निर्धारित स्थानों में साजो-सजावट की प्रारंभिक तैयारी भी दिख रही है। गणेश पर्व को लेकर राजनांदगांव शहर की एक विशिष्ट पहचान है। ऐसे में विघ्नहर्ता के स्वागत सत्कार के लिए न सिर्फ समितियां, बल्कि घरों में भी तैयारी शुरू हो गई है।

इस बीच शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों में स्थित मूर्तिकार युद्ध स्तर पर प्रतिमाओं की तैयारी कर रहे हैं। प्लास्टर ऑफ पेरिस के बजाय मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं को बनाने पर कलाकारों का विशेष ध्यान है। वजह यह है कि पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए मिट्टी से निर्मित मूर्तियां तैयार करने पर कलाकार सहमत हो गए हैं। मूर्तिकारों को भी लगता है कि पीपी निर्मित मूर्ति पर्यावरण के लिए काफी हानिकारक है। ऐसी मूर्तियों के विसर्जन से जलीय जीव-जंतुओं को खासा नुकसान होता है।

इस बीच नगर निगम की ओर से भी कलाकारों को पर्यावरण का विशेष ध्यान रखकर मूर्ति तैयार करने की हिदायत दी गई है। नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने मूर्तिकारों से सीधे तौर पर प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों की खरीदी-बिक्री से बचने के निर्देश दिए हैं। बहरहाल राजनांदगांव शहर में लंबोदर महाराज यानी गणपति की मूर्तियों की अलग-अलग रूप-रंग में तैयारी की जा रही है। मूर्तिकारों से प्रतिमाओं की बुकिंग भी शुरू हो गई है।


अन्य पोस्ट