राजनांदगांव
भक्तिमय माहौल में दिनभर गूंजा हर-हर महादेव की गूंज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अगस्त। सावन माह के अंतिम सोमवार को शिवालयों और मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा। मंदिरों और देवालयों में भक्तों ने बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष किए। उधर सावन माह के अंतिम सोमवार होने की वजह से अलसुबह से ही कांवडिय़ों की भीड़ मोहारा स्थित शिवनाथ नदी में उमड़ी रही। कांवडिय़ों ने कांवड़ में जल लेने से भगवान शिव का जलाभिषेक करते तक ओम नम: शिवाय और बोल-बम के जयघोष करते नजर आए।
सावन के आज अंतिम सोमवार को मंदिरों व देवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं कांवडिय़े भी नदी से जल लेकर मंदिरों में पहुंचते नजर आए। कांवडिय़े हर-हर महादेव व बोल-बम के नारे लगाते बढ़ते गए। सावन मास के अंतिम सोमवार होने की वजह से मंदिरों में सुबह से ही भक्तगण पूजन सामग्रियों के साथ पहुंचकर बोलबम और हर-हर महादेव के जयघोष किए। मंदिरों में सुबह से ही महिलाएं व युवतियों तथा युवक व पुरूष भी मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक कर धतुरा पत्ता भी अर्पित किया। इसके अलावा अन्य पूजन सामग्रियां भी अर्पित की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्तगण सोमवार को व्रत रखने के अलावा भगवान शिव की प्रांसगिकता को व्यवहारिक जीवन में उतारने का संकल्प लेते हैं। सावन माह में भगवान शिव को प्रसन्न करने युवतियों की खास रूचि होती है। युवकों की तुलना में युवतियां पूरे माह कठिन उपवास रखकर मनवांछित कामना करती है। यही कारण है कि शिवालयों में सभी वर्गों में युवतियों की तादाद अधिक होती है।
इधर आज सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के साथ ही भक्तों ने दूध से भी शिवलिंगो को स्नान कराया। इसके अलावा धतुरा, बेल पत्ती समेत अन्य पूजा सामग्री को भी भक्तों ने भगवान शिव को अर्पित किया। साल दर साल भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए युवतियों के साथ युवकों में भी रूचि बढ़ी है। सावन महीने को भक्ति की लिहाज से बेहद ही महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव की आराधना के लिए यह महीना सबसे पवित्र होता है, इसलिए माहभर घरों से लेकर अन्य सार्वजनिक स्थलों में भगवान शिव की स्तुतिगान होती रहती है। इधर शहर के बड़े शिवालयों में आज भक्तों का सुबह से ही तांता लगा रहा।
28 को रक्षाबंधन पर्व
आगामी 28 अगस्त को भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। रंग-बिरंगी राखियों के बीच बाजार में राखियों की दुकानें सजकर तैयार हो गई है। वहीं त्यौहारी सीजन के चलते व्यापारिक हलचल भी तेज हो गई है।
बाजार के अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में राखियों की दुकानें सजकर तैयार हो गई है, जहां लोग खरीदी करने भी पहुंचने लगे हैं। रेशम की डोरी सहित कार्टून व अन्य प्रकार की एक से बढक़र एक राखियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। घर-घर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला रक्षाबंधन पर्व आगामी 28 अगस्त को है, जिसे लेकर भी तैयारियां चल रही है। बाजार में सप्ताहभर पहले से ही राखियों की दुकानें सजना शुरू हो गया था। शहर के बाजार इलाके के अलावा शहर के मोहल्लों व चौक-चौराहों में राखियों की अस्थाई दुकानें भी खुल चुकी है, जहां राखियों की खरीदी करने महिलाएं व युवतियों की भीड़ भी नजर आ रही है। राखी का कारोबार बेहतर होने की उम्मीद व्यवसायी लगाए हुए हैं।