राजनांदगांव
महापौर की दखल के बाद खुला रास्ता, नेता प्रतिपक्ष पिल्ले ने की एफआईआर की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अगस्त। रिहायशी कालोनी ममता नगर के गली नं. 5 में एक व्यक्ति द्वारा मुख्य मार्ग की आवाजाही बंद करने से भडक़े मोहल्लेवासियों ने शनिवार को एसपी कार्यालय में धावा बोल दिया। मोहल्लेवासियों के साथ नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले भी एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर साथ नजर आए। वहीं महापौर ने शिकायत की गंभीरता के मद्देनजर दखल देते हुए बंद मार्ग को खुलवाने पहल की।
मिली जानकारी के मुताबिक ममता नगर के नूतन साहू पर मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि आम रास्ता को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। विशेषकर स्कूली बच्चों को बस में सवार होने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस बीच आम रास्ता को बंद करने की शिकायत पर दो दिन पहले नगर निगम के अतिक्रमण तोड़ू दस्ते ने मार्ग से कब्जा हटाया था।
इस दौरान नूतन साहू एवं उसके परिवार द्वारा जेसीबी चालक पर पत्थर से हमला कर दिया गया। इन तमाम घटनाओं से भडक़े मोहल्लेवासियों ने एसपी आफिस में पहुंचकर लिखित शिकायत की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू परिवार द्वारा मोहल्ले में अशांति फैलाने का कृत्य किया जा रहा है। भविष्य में इससे कोई बड़ी घटना हो सकती है। एसपी से लिखित शिकायत में मोहल्लेवासियों ने तत्काल उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के अलावा मोहल्लेवासी शामिल थे।
महापौर की दखल से खुला रास्ता
ममता नगर में एक परिवार द्वारा आम रास्ता को बंद करने की शिकायत के बाद महापौर मधुसूदन यादव ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने निर्देशित किया। महापौर ने साफतौर पर कहा कि लोगों को हो रही परेशानी को दूर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बताया गया है कि नूतन साहू और परिवार पर आरोप है कि उन्होंने प्लाटिंग कर जमीनों को बेचा। लोगों को मुख्य रास्ता बताकर परिवार द्वारा जमीन बेची गई। कालोनी की बसाहट के बाद आवाजाही के लिए मार्ग को बंद कर विवाद खड़ा किया गया। बहरहाल महापौर ने फौरन कार्रवाई कर लोगों को आवाजाही की परेशानी से निजात दिलाई है।