राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अगस्त। एनएसएम पब्लिक स्कूल अंबागढ़ चौकी में सत्र 2026-27 की पहली शिक्षक -पालक बैठक में पालकों ने प्रथम यूनिट टेस्ट में बच्चों द्वारा अर्जित अंकों पर संतुष्टि प्रकट की। पालकों ने बेहतर शिक्षा के उद्देश्य से शिक्षकों तथा प्राचार्य के साथ अपने सुझावों को साझा किया । प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत मिश्रा ने आने वाले समय में बेहतर सुविधाओं के संदर्भ में पालकों को अवगत कराया। बैठक में पालक-शिक्षक संघ का गठन जिला शिक्षा विभाग के अनुपालन में किया गया ।
वनांचल के बच्चों की बेहतर शिक्षा के मद्देनजर नांदगांव शिक्षा मंडल राजनांदगांव ने अंबागढ़ चौकी में सत्र 2024-25 से एनएसएम पब्लिक स्कूल का संचालन शुरू किया है। स्वच्छ एवं सुरक्षा की दृष्टि से परिपूर्ण परिसर शिक्षा की सभी जरूरतों को पूरा करते अपने पथ पर अग्रसर है। संस्था ने इस वर्ष अपने तीसरे सत्र में प्रवेश किया। पालकों से मिल रहे सहयोग के चलते संस्था में लगातार विद्यार्थियों की संख्या प्रगति पर है।
प्रथम पालक-शिक्षक बैठक में सभी पालकों को उनके बच्चों के प्रथम यूनिट टेस्ट के प्राप्त अंक से अवगत कराया गया। इस दौरान कमियां और बेहतर कार्य पर भी फोकस रहा। पालकों ने जहां और बेहतर शिक्षा की उम्मीद से अवगत कराया। वहीं संस्था प्राचार्य ने उससे कहीं अधिक अच्छे परिणाम का आश्वासन दिया। भविष्य में पालकों के साथ अच्छे आदान-प्रदान के लिए बनाए गए संघ में शामिल पदाधिकारियों ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। संस्था में जुटाई जा रही छात्र हित सुविधाओं का जिक्र करते प्राचार्य ने पालकों को यह विश्वास दिलाया कि उनके बच्चों की बेहतर शिक्षा और संस्कार ही संस्था का लक्ष्य है। अंत में सभी पालकों ने संस्था की कार्यसमिति तथा शिक्षकों के सहयोग को वनांचल में शिक्षा का अलख जगाने वाला संकल्प बताया।