राजनांदगांव

आयुक्त ने ठेकेदार को थमाई नोटिस
22-Aug-2026 4:38 PM
आयुक्त ने ठेकेदार को थमाई नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 अगस्त। बारिश में मौसमी बीमारी से बचने एवं सुचारू पानी निकासी को ध्यान में रखते नगर निगम का स्वास्थ्य अमला साफ.-सफाई में जोर दे रहा है। महापौर एवं आयुक्त स्वयं वार्डों में जाकर सफाई का जायजा लेकर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दे रहे हैं। इस तारतम्य में ठेका वार्ड में सफाई कार्य बंद करने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने पर संबंधित महिला समूह को नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने नोटिस जारी किया है।

नोटिस में आयुक्त श्री मरकाम ने कहा कि भाग्य लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह कौरिनभाठा को निकाय अंतर्गत वार्ड नं. 32 एवं वार्ड नं. 47 में सफाई कार्य का दायित्व सौंपा गया था, किन्तु इनके द्वारा वार्ड नं. 32 में 1 अगस्त से एवं वार्ड नं. 47 में 6 अगस्त 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना दिए वार्ड में सफाई कार्य बंद कर दिया गया। जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। इसी प्रकार लखोली की महिला कृष्णा स्व-सहायता समूह द्वारा भी वार्ड नं. 23 एवं 51 में सफाई कार्य का दायित्व सौंपा गया था, किन्तु इनके द्वारा भी वार्ड नं. 23 में 14 अगस्त से एवं वार्ड नं. 51 में 6 अगस्त 2026 से सफाई कार्य बंद कर दिया गया। जबकि सफाई कार्य अतिआवश्यक सेवा के अंतर्गत आता है। वर्तमान में बारिश के समय संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका रहती है, जिस वजह से साफ.-सफाई में सुधार की आवश्यकता होती है। ऐसी स्थिति में वार्डों में सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। उक्त दोनों महिला समूह द्वारा सफाई कार्य बंद किया जाना लापरवाही एवं अनुबंध शर्तों का उल्लंखन है।


अन्य पोस्ट