राजनांदगांव
सीमावर्ती महाराष्ट्र से सटे इलाकों का किया मुआयना, जवानों की सुनी समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अगस्त। राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव ने शुक्रवार को मोहला-मानपुर जिले का रूख किया। पहले प्रशासनिक दौरे में आईजी ने थाना और कैम्प का निरीक्षण किया। एक दिवसीय दौरे में पहुंचे आईजी ने सबसे पहले मोहला और खडग़ांव थाने का निरीक्षण किया।
आईजी ने थाना प्रभारियों के अलावा मौजूद स्टॉफ से पुलिसिंग और अन्य बुनियादी आवश्यकताओं को लेकर सवाल-जवाब किया। आईजी के दौरे के मद्देनजर थानों का स्टॉफ अलर्ट रहा। आईजी ने अपने दौरे की शुरूआत थाना निरीक्षण की। सबसे पहले उन्होंने मोहला थाना के व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी से पुलिसिंग को लेकर आवश्यक चर्चा की। बाद में वह खडग़ांव थाना पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अपराधों पर अंकुश लगने पर विशेष जोर दिया।
आईजी ने थाना प्रभारियों को पुलिसिंग पर जरूरी सुझाव दिया। इसके बाद उन्होंने मोहला में जिलेभर के थाना प्रभारियों के साथ लंबी बैठक की। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को लेकर भी सवाल-जवाब किए। गौरतलब है कि बतौर आईजी श्री यादव का पहला वनांचल जिले का दौरा है। उन्होंने कुछ दिन पहले खैरागढ़ जिले का दौरा किया था। उन्होंने खैरागढ़ जिले के घाघरा बेस कैम्प का निरीक्षण किया था।
इसी तरह आज दोपहर बाद महाराष्ट्र सीमा पर स्थित परेवीडीह कैम्प में जाने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि आईजी सीमावर्ती थानों में नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद गैर कानूनी कारोबार नकेल कसने पर ठोस कदम उठाने के लिए सख्त हैं। आईजी ने एसपी वायपी सिंह से भी नक्सलियों के पुनर्वास नीति पर चर्चा की। आत्मसमर्पित नक्सलियों के जीवन स्तर को सुधारने और मुख्यधारा में रफ्तार देने के लिए भी आईजी ने एसपी को आवश्यक निर्देश दिया।