राजनांदगांव

43 लाख के सौदे में 12 लाख लेकर धोखे से की जमीन की रजिस्ट्री, जुर्म
20-Aug-2026 3:06 PM
43 लाख के सौदे में 12 लाख लेकर धोखे से की जमीन की रजिस्ट्री, जुर्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 अगस्त। राजनांदगांव शहर के इंदिरा नगर के रहने वाले एक युवक पर धोखाधड़ी कर एक व्यक्ति से जमीन खरीदी-बिक्री में तय 43 लाख रुपए की जगह सिर्फ 12 लाख रुपए का भुगतान कर जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। आरोपी स्थानीय इंदिरा नगर का रहने वाला है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक छुरिया क्षेत्र के ग्राम शिकारीमहका में जमीनी खरीदी-बिक्री के सौदे में प्रवीर मोहन सिंह नामक व्यक्ति ने मोहम्मद गोरी परवेज के खिलाफ जालसाजी के तहत जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई जानकारी में पीडि़त ने आरोप लगाया कि परवेज गोरी द्वारा उनकी (पीडि़त) पारिवारिक भूमि खसरा नंबर 599/5 में से 1.5 एकड़ जमीन का 19 मई को 43 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। पीडि़त को सौदे के तहत 5 लाख रुपए बयाना भी मिला था और 6 माह के भीतर शेष रकम 38 लाख रुपए देकर जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात हुई थी। इसके बाद आरोपी मोहम्मद गोरी ने 27 व 30 जुलाई को केवल 0.35-0.35 एकड़ जमीन रजिस्ट्री का झांसा देकर धोखे से हस्ताक्षर करवा लिया। उसके बाद उक्त जमीन के एवज में सिर्फ 12 लाख रुपए दिए गए।

पीडि़त को आरोपी खरीदार पर कुछ शंका हुई। उसके बाद पता चला कि धोखे से की गई रजिस्ट्री वाली जमीन को आरोपी अन्य लोगों को बेचने की तैयारी में था। आरोपी की नीयत को पीडि़त ने भांप लिया। धोखाधड़ी करने का आभास होने के बाद पीडि़त ने छुरिया पुलिस से शिकायत की। जांच के बाद आरोपी के विरूद्ध धोखाधड़ी करने के तहत पुलिस ने अपराध दर्ज किया।


अन्य पोस्ट